आय से अधिक संपत्ति की गोपनीय शिकायतों के बाद जबलपुर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ EOW की टीम ने बुधवार की सुबह मंडला में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
EOW Raid Mandla: आय से अधिक संपत्ति की गोपनीय शिकायतों के बाद जबलपुर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ EOW की टीम ने बुधवार की सुबह मंडला में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। EOW की टीम ने पश्चिम सामान्य वन मंडल, मंडला में पदस्थ लिपिक स्वेतांक चौरसिया के राज राजेश्वरी वार्ड स्थित निजी आवास पर एक साथ छापा मारा है। सुबह 6 बजे हुई इस बड़ी कार्रवाई से वन विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
12 सदस्यीय टीम ने घेरा मकान
ईओडब्ल्यू जबलपुर अधिकारियों के नेतृत्व में पहुंचे 12 सदस्यीय दल ने राज राजेश्वरी वार्ड स्थित आवास को चारों तरफ से घेरकर अंदर की गतिविधियों पर रोक लगा दी। जांच दल के सदस्यों ने मकान के अलग-अलग कमरों में रखी अलमारियों और लॉकरों की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान लिपिक स्वेतांक चौरसिया तथा उनके परिजनों के नाम पर कई जमीन, मकान और कृषि भूमि के 15 से अधिक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
बैंक खाते और आभूषण जब्त
छापेमारी के दौरान EOW की टीम ने कई दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। 8 अलग-अलग बैंक खातों की पासबुक, 4 फिक्स्ड डिपॉजिट के कागजात और शेयर बाजार में किए गए निवेश के दस्तावेज शामिल है। इतना ही नही घर से मिली नकदी और 250 ग्राम से अधिक सोने-चांदी के गहनों का मूल्य आंकने के लिए मूल्यांकनकर्ता को मौके पर बुलाया गया। EOW अधिकारियों के अनुसार, लिपिक की बीते 20 वर्षों की पूरी सेवा अवधि का वेतन रिकॉर्ड तलब कर लिया गया है।