अमेठी। बेटियों की शिक्षा और आवासीय सुविधाओं की हकीकत जानने जिलाधिकारी शशांक चौधरी भेटुआ स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षा नौ और दस की छात्राओं से सीधे संवाद किया। गणित के सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक दक्षता परखी, वहीं अंग्रेजी में प्रार्थना पत्र लिखने की जानकारी भी ली। डीएम ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
क्लासरूम से लाइब्रेरी तक पहुंचे डीएम
जिलाधिकारी ने विद्यालय की लाइब्रेरी का निरीक्षण कर छात्राओं को नियमित पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया। कंप्यूटर लैब में सभी कंप्यूटर संचालित मिले। उन्होंने निर्धारित पीरियड में छात्राओं को व्यावहारिक कंप्यूटर प्रशिक्षण देने और खेलकूद सहित अन्य गतिविधियां नियमित कराने के निर्देश दिए।
रसोई और शयनकक्षों की भी जांच
डीएम ने रसोईघर में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई देखी। उन्होंने निर्देश दिया कि छात्राओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन दिया जाए। पेयजल, शयनकक्ष और परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया।
अतिरिक्त शौचालय के लिए बनेगा प्रस्ताव
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की वार्डन पूनम सिंह ने छात्राओं की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त शौचालय निर्माण की आवश्यकता बताई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी को आवश्यक आगणन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
छात्राओं को मिले सुरक्षित और बेहतर माहौल
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को शिक्षा की गुणवत्ता, खानपान, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और आवासीय सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवासीय विद्यालयों में छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी भेटुआ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।