राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी) के जायस परिसर में रविवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहुंचेंगे।
Jais RGIPT: आरजीआईपीटी में आज पहुंचेंगे डिप्टी सीएम, तीन छात्रावासों का करेंगे उद्घाटन |
अंकित पाण्डेय, जायस/अमेठी: राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी) के जायस परिसर में रविवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहुंचेंगे। उपमुख्यमंत्री संस्थान में तीन नवनिर्मित छात्रावासों का उद्घाटन करने के साथ ही विद्यार्थियों और जनसमूह को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर संस्थान और जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री का काफिला सुबह 11:55 बजे आरजीआईपीटी परिसर पहुंचेगा। संस्थान के निदेशक आचार्य हरीश हिरानी समेत वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद उपमुख्यमंत्री सुभाष चंद्र बोस, होमी भाभा और विद्यासागर छात्रावासों का उद्घाटन करेंगे। तीनों छात्रावासों के शुरू होने से संस्थान की आवासीय क्षमता में वृद्धि होगी। विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
उद्घाटन के बाद उपमुख्यमंत्री छात्रावास परिसर का निरीक्षण करेंगे और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद वह विवेकानंद सभागार पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में जनसमूह को संबोधित करेंगे। उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर संस्थान परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद की गई है।
संस्थान के विकास को मिलेगी गति
आरजीआईपीटी निदेशक आचार्य हरीश हिरानी ने उपमुख्यमंत्री के आगमन को संस्थान परिवार के लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री का आगमन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होगा। साथ ही संस्थान के शैक्षणिक और आधारभूत ढांचे के विकास को भी नई गति मिलेगी।
अधिकारियों संग करेंगे समीक्षा बैठक
कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली जाएगी। इसके बाद वह भाजपा अमेठी के निवर्तमान जिला महामंत्री भागीरथी मौर्य के ग्राम मुबारकपुर मुखेतिया, पोस्ट हरवंशगंज स्थित आवास पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री दोपहर 1:15 बजे अमेठी से प्रयागराज के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।