दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड में 21 मौतों के बाद जांच तेज है। होटल मालिक लोकेश बजाज से जुड़े पुराने अवैध दस्तावेज और बांग्लादेशी नागरिकों को पनाह देने के मामले फिर सामने आए हैं।
दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में हुए भीषण होटल अग्निकांड ने 21 लोगों की जान ले ली। हादसे के बाद शुरू हुई जांच अब सिर्फ आग तक सीमित नहीं रह गई है। पुलिस की नजर अब होटल के मालिक और उसके पुराने रिकॉर्ड पर भी टिक गई है। जिस होटल में यह दर्दनाक हादसा हुआ है। उसके मालिक लोकेश बजाज को लेकर अब नए और पुराने दोनों मामलों की कड़ियां फिर से जोड़कर देखी जा रही हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब बजाज का नाम विवादों में आया हो। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, वैसे-वैसे उसके पिछले केस की फाइलें भी खुलती चली गईं।
पुराना मामला फिर बना जांच का हिस्सा
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक साल 2025 में पहाड़गंज थाने में दर्ज एक मामले में लोकेश बजाज पर गंभीर आरोप लगे थे। आरोप था कि उसने फर्जी भारतीय पहचान दस्तावेजों के जरिए कुछ बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में रहने में मदद की थी। जांच के दौरान सामने आया कि कुछ लोगों के पास आधार कार्ड और भारतीय पासपोर्ट जैसे दस्तावेज भी मौजूद थे। लेकिन जब इन दस्तावेजों की जांच की गई तो पता और रिकॉर्ड संदिग्ध पाए गए। इसी जांच में एक पते की कड़ी छतरपुर एन्क्लेव स्थित एक संपत्ति से जुड़ी, जो लोकेश बजाज के नाम पर दर्ज थी।
पैसों के बदले पते के इस्तेमाल का आरोप
पूछताछ के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली थी कि बजाज ने कथित तौर पर अपने पते का इस्तेमाल पहचान पत्र बनवाने के लिए करने की अनुमति दी थी। बदले में उसे पैसे दिए जाने की बात सामने आई थी। इस आधार पर पुलिस ने पहले भी उसे गिरफ्तार किया था और उसके साथ जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी। बाद में इस मामले में अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई। अब वही नाम फिर सुर्खियों में है क्योंकि जिस होटल में आग लगी, वह उसी का संचालन बताया जा रहा है।
21 मौतों के बाद बढ़ी जांच की गंभीरता
मालवीय नगर अग्निकांड के बाद अब जांच का दायरा तेजी से बढ़ाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में सुरक्षा मानकों का पालन किस स्तर तक किया गया था और क्या किसी तरह की लापरवाही इस त्रासदी का कारण बनी। हादसे में 21 लोगों की मौत ने पूरे मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया है। इनमें कुछ विदेशी नागरिकों के शामिल होने की भी पुष्टि हुई है, जिससे जांच और जटिल हो गई है। जांच एजेंसियां अब होटल संचालन, लाइसेंस, सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन से जुड़े हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही हैं।
पुराने मामलों से जुड़े नए सवाल
हादसे के बाद सामने आए पुराने मामलों ने जांच को एक नया मोड़ दे दिया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या पहले की गतिविधियों का किसी तरह का संबंध मौजूदा लापरवाही या संचालन व्यवस्था से था। फिलहाल सभी पहलुओं को जोड़कर जांच की जा रही है और अधिकारियों का कहना है कि निष्कर्ष केवल साक्ष्यों के आधार पर ही निकाले जाएंगे।