Gonda News

Gonda News: नशीली दवाओं के बड़े सिंडिकेट पर शिकंजा, 1.13 करोड़ की खेप सीज

प्रदेश में नकली एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोंडा में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है।

By : विकास जैन
Gonda News: नशीली दवाओं के बड़े सिंडिकेट पर शिकंजा, 1.13 करोड़ की खेप सीज

Gonda News: नशीली दवाओं के बड़े सिंडिकेट पर शिकंजा, 1.13 करोड़ की खेप सीज

गोण्डा: प्रदेश में नकली एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोंडा में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन दिन तक चले सघन अभियान में बिना लाइसेंस संचालित तीन अवैध गोदामों पर छापेमारी कर लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपये मूल्य की नशीली व एलोपैथिक दवाएं बरामद कर सीज कर दीं। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी गिरफ्तार हुआ, जबकि मुख्य संचालक फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई 

मुख्यालय लखनऊ से मिली गोपनीय सूचना पर 16 से 18 जुलाई तक गोंडा के बरियार पुरवा, सोनार गली और बड़गांव क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इसमें प्रदेश के नौ जिलों के औषधि निरीक्षकों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। जांच की शुरुआत गोंडा-बलरामपुर मार्ग स्थित अमन फार्मास्युटिकल्स से हुई, लेकिन फर्म निर्धारित पते पर संचालित नहीं मिली। इसके बाद टीम संचालक अमन कसौधन के आवास पहुंची, जहां पूछताछ में उसके भाई शिवम कसौधन ने बिना लाइसेंस दवा कारोबार करने की बात स्वीकार की। जांच आगे बढ़ने पर दो और अवैध गोदामों का खुलासा हुआ।

मिली ये नशीली दवाएं

गोदामों से 1.96 लाख ट्रामाडोल इंजेक्शन, 60 हजार अल्प्राजोलम टैबलेट, 63 बोतल कोडीन फॉस्फेट सिरप, लाखों कैप्सूल और अन्य प्रतिबंधित व मनःप्रभावी दवाएं बरामद हुईं। टीम ने खरीद-बिक्री के बिल, स्टॉक रजिस्टर और अन्य वैधानिक अभिलेख मांगे, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद सभी दवाओं को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

19 दवाओं के भेजे नमूने

संयुक्त टीम ने 19 विभिन्न दवाओं के नमूने लेकर राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शिवम कसौधन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमन कसौधन की तलाश जारी है। दोनों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नशीली और नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।