पिहानी कोतवाली क्षेत्र में गैस एजेंसी के पास शांतिपुरम कॉलोनी में करंट की चपेट में आकर एक गाय की मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में आक्रोश है।
बृजेश कबीर, हरदोई: पिहानी कोतवाली क्षेत्र में गैस एजेंसी के पास शांतिपुरम कॉलोनी में करंट की चपेट में आकर एक गाय की मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है, जर्जर और खुले बिजली के तारों की समस्या की जानकारी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को एक दिन पहले ही दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिला पंचायत सदस्य सोनू भारती ने बताया, मोहल्ला निवासी परमेश्वर दीन की गाय सोमवार को खुले और जर्जर बिजली के तारों की चपेट में आ गई। करंट से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उनका आरोप है, यदि विभाग ने शिकायत को गंभीरता से लिया होता तो हादसा टाला जा सकता था।
जमीन पर पड़े हैं तार, खतरे में जान
स्थानीय निवासी दिलीप मिश्रा, सोनू अवस्थी, आदित्य पाल, नितिन लेखपाल, मुन्ना ठाकुर, अनिल मास्टर और अवधेश मास्टर ने बताया, बिजली के तार लंबे समय से जर्जर और अव्यवस्थित हैं। कई स्थानों पर तार जमीन पर पड़े हुए हैं। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। मोहल्लेवासियों के मुताबिक गली में करीब 200 बिजली उपभोक्ता हैं। इसके बावजूद बिजली के जर्जर तारों को बदलने और उन्हें व्यवस्थित करने की दिशा में विभाग की ओर से गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। लोगों का कहना है, जल्द तारों को नहीं बदला गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
तार बदलवाने, व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग
गाय की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की है। मोहल्लेवासियों का कहना है, विभाग को हादसे का इंतजार करने के बजाय जमीन पर पड़े और खुले तारों को तत्काल हटाकर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी व्यक्ति या पशु की जान खतरे में न पड़े।