Wahid Ansari Encounter: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पूर्वांचल का कुख्यात सुपारी किलर और हथियार सप्लायर वाहिद अंसारी मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एसपी प्राची सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगने से वे बाल-बाल बच गईं।
कैसे हुई मुठभेड़?
मीडिया की खबरों के अनुसार मंगलवार रात मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि खूंखार अपराधी वाहिद अंसारी शहर में छिपा हुआ है और इलाके से भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित शिव बाबा मंदिर के पास घेराबंदी की। रात करीब 12 बजे खुद को पुलिस से घिरा देख वाहिद ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में लगीं 4 गोलियां
आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें वाहिद के सीने और पैर में कुल चार गोलियां लगीं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में जख्मी हुए दोनों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कौन था वाहिद अंसारी?
वाहिद अंसारी मूल रूप से गाजीपुर के बहरियाबाद का रहने वाला है। वाहिद अपराध की दुनिया में एक बड़ा नाम बन चुका था। वह कुख्यात बिल्लू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वाहिद पर हत्या, लूट और अवैध हथियार सप्लाई समेत कुल 35 संगीन मामले दर्ज थे। वह पैसे लेकर हत्याएं करने के साथ-साथ पूर्वांचल भर में अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। अंबेडकरनगर के अलावा वह गोरखपुर के कैंट थाने से भी वांछित चल रहा था, जिसकी तलाश में कई टीमें जुटी हुई थीं।