Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > छत्तीसगढ़ > बिलासपुर

बिलासपुर में चौकीदार की हत्या

बिलासपुर: बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या, 4 बाल अपचारी फरार

बिलासपुर के बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या हो गई। 4 बाल अपचारी मौके से फरार हुए, पुलिस ने जांच शुरू की, परिजनों ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए।


बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या 4 बाल अपचारी फरार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रविवार देर रात चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे (40) की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि चार बाल अपचारियों ने पहले उनके साथ मारपीट की, फिर हाथ-पैर बांधकर गला घोंट दिया और मुंह में गमछा ठूंस दिया। वारदात के बाद चारों बाल अपचारी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

रात 11 बजे की वारदात, पुलिस जुटी जांच में

पुलिस के मुताबिक घटना रविवार रात करीब 11 बजे हुई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फरार बाल अपचारियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

मुख्य आरोपी जल्द होने वाला था शिफ्ट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के आरोपियों में शामिल एक बाल अपचारी की उम्र 20 वर्ष पूरी हो चुकी थी और उसे जल्द जेल शिफ्ट किया जाना था। अन्य आरोपियों पर भी हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में कार्रवाई चल रही थी। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक नरेंद्र कुमार खांडे के परिजनों ने बाल संप्रेक्षण गृह के एक अधिकारी और अधीक्षक पर हत्या करवाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बाल संप्रेक्षण गृह के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस संस्थान में कानून से संघर्षरत किशोरों की निगरानी की जिम्मेदारी होती है, वहीं चौकीदार की हत्या और चार बाल अपचारियों के फरार होने से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Related to this topic: