मध्यप्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश के मुखिया मोहन यादव ने किसानों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है।
MP Farmers: मध्यप्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश के मुखिया मोहन यादव ने किसानों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। सीएम मोहन ने घोषणा की है कि राज्य में किसी भी शासकीय योजना के लिए कृषि भूमि का अधिग्रहण किए जाने पर किसानों को चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। यह घोषणा सीएम मोहन ने राजधानी भोपाल के करौंद मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए की है।
भोपाल में की घोषणा
बीते मंगलवार को भोपाल की करौंद मंडी में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों को राहत देते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए यदि किसानों की ज़मीन ली जाती है, तो उन्हें उचित और बढ़ा हुआ मुआवजा प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से अपनी जमीनों की सुरक्षा बनाए रखने की अपील की और घोषणा की कि जल्द ही भोपाल मुख्यालय में एक कृषि महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा।
कवच योजना से किसानों को मिलेगी आर्थिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य सरकार की कवच योजना की उपलब्धियों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है। योजना के माध्यम से प्राथमिक सहकारी समितियों और खातों की पुरानी वित्तीय गड़बड़ियों को सुधारा गया है। अब तक करीब 5 हजार किसानों को कई कृषि ऋणों और कल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ा जा चुका है। योजना के तहत किसानों को बिना किसी ब्याज के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है और उसे चुकाने के लिए पूरे 12 महीने की समयसीमा दी गई है।