जन विश्वास अभियान के दौरान CM मोहन यादव ने CM हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा की। लापरवाही पर डिप्टी कलेक्टर, 2 CMO समेत 7 अफसर-कर्मचारियों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।
बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी में शुक्रवार को जन विश्वास अभियान के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त एक्शन लिया। उन्होंने CM हेल्पलाइन की शिकायतों और लंबित मामलों की समीक्षा की। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने मंच से ही एक डिप्टी कलेक्टर (तत्कालीन तहसीलदार), दो पटवारी, दो मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO), एक सहायक यंत्री और एक तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) समेत सात अफसर-कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि जनता के काम में देरी और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगरीय प्रशासन के संयुक्त संचालक एसके सिन्हा को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
सीएम बोले- तय समय सीमा में निपटें शिकायतें
कलेक्टर कार्यालय परिसर में आयोजित समाधान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जनसमस्याओं का निराकरण तय समय सीमा में किया जाए। उन्होंने कहा कि CM हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
पीएम किसान सम्मान निधि में देरी पर कार्रवाई
राजपुर तहसील में पीएम किसान सम्मान निधि के पंजीयन और भुगतान में देरी की शिकायत सामने आई थी। समीक्षा में शिकायत लंबित मिलने पर आशा परमार तथा दोनों पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही राजपुर नगर परिषद क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर दोनों CMO और सहायक यंत्री के खिलाफ कार्रवाई की गई।
संबल योजना की सहायता राशि में देरी पर कार्रवाई
पानसेमल क्षेत्र में संबल योजना के तहत अंत्येष्टि और अनुग्रह सहायता राशि समय पर नहीं मिलने की शिकायत मिली थी। जांच में भुगतान में विलंब पाए जाने पर तत्कालीन CEO सौरभ सिंह राठौर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मंदिर दर्शन के बाद स्कूल पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री ने दौरे की शुरुआत तलून स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन से की। इसके बाद वे ग्राम बोरलाय के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मैथ्स पार्क, आईसीटी लैब, अटल टिंकरिंग लैब और स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से बातचीत की।
किसानों और उद्यमियों से किया संवाद
समाधान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों से कपास उत्पादन, एफपीओ, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और ई-टोकन व्यवस्था पर चर्चा की। उद्यमियों से एग्रो इंडस्ट्रीज, रिन्यूएबल ऊर्जा, वेस्ट मैनेजमेंट और स्टार्टअप से जुड़ी योजनाओं पर बातचीत की।
25 करोड़ की लागत से नए घाट बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने नर्मदा नदी के जलमग्न घाटों के स्थान पर 25 करोड़ रुपये की लागत से नए घाट बनाने की घोषणा की। साथ ही कस्तूरी कॉटन को बढ़ावा देने, पानसेमल में पीजी कोर्स शुरू करने और खेल मैदान को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की बात कही।
चौराहे पर दो घंटे स्कूल बसें फंसी रहीं
सीएम के दौरे के दौरान रूट डायवर्जन के कारण शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। ओलंपिक सर्कल चौराहे पर स्कूल बसें करीब दो घंटे तक फंसी रहीं। वहीं, काले झंडे दिखाने जा रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।