Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > उत्तर प्रदेश

Hapur Crime News

Hapur Crime: हथौड़े-सरियों से ताबड़तोड़ हमला, इलाज के दौरान युवक की मौत

देहात थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक पर कार सवार हमलावरों ने लाठी-डंडों, लोहे की सरिया और धारदार हथियारों से हमला कर सनसनी फैला दी।


hapur crime हथौड़े-सरियों से ताबड़तोड़ हमला इलाज के दौरान युवक की मौत

Hapur Crime: हथौड़े-सरियों से ताबड़तोड़ हमला, इलाज के दौरान युवक की मौत |

प्रमोद शर्मा, हापुड़: देहात थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक पर कार सवार हमलावरों ने लाठी-डंडों, लोहे की सरिया और धारदार हथियारों से हमला कर सनसनी फैला दी। हमलावरों ने युवक को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों के मौके पर पहुंचते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए कार में सवार होकर फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को पहले हापुड़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया। दोपहर करीब तीन बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

कार सवारों ने रोका था रास्ता

मृतक की पहचान बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे गौरव किसी काम से धनौरा मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान कार सवार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों, लोहे की सरिया तथा धारदार हथियारों से हमला बोल दिया।

इलाज के दौरान हुई मौत

हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उन्हें मेरठ रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी जिंदगी की जंग खत्म हो गई।

पुरानी रंजिश बनी खूनी वारदात की वजह

परिजनों के मुताबिक गौरव के पिता एक पुराने जानलेवा हमले के मुकदमे की पैरवी कर रहे थे। इसी मुकदमे को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। पुलिस भी प्रथमदृष्टया इसी विवाद को हमले की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है। मृतक के भाई ने कुलदीप, प्रदीप और अमित समेत एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। क्षेत्राधिकारी नगर अनीता चौहान ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। वहीं थाना प्रभारी पारस मलिक के अनुसार पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का पूरा खुलासा किया जाएगा।

Related to this topic: