Ambikapur Raipur Intercity Train

Intercity Train Update: अंबिकापुर से रायपुर इंटरसिटी का इंतजार बढ़ा, रेलवे ने बताई नई ट्रेन नहीं चलाने की वजह

अंबिकापुर से रायपुर इंटरसिटी ट्रेन चलाने की मांग को रेलवे ने फिलहाल खारिज कर दिया है। स्टेशन पर तीन ट्रेनों के रैक खड़े रहने से नई ट्रेन के लिए जगह नहीं है।

By : संजय चतुर्वेदी
Intercity Train Update: अंबिकापुर से रायपुर इंटरसिटी का इंतजार बढ़ा, रेलवे ने बताई नई ट्रेन नहीं चलाने की वजह

Ambikapur Raipur Intercity Train Demand

रायपुर। अंबिकापुर से राजधानी रायपुर तक सीधी इंटरसिटी ट्रेन चलाने की मांग फिलहाल पूरी होती नजर नहीं आ रही है। रेलवे ने इस प्रस्ताव पर हाथ खड़े करते हुए कहा है कि अंबिकापुर स्टेशन पर नई ट्रेन खड़ी करने के लिए पर्याप्त रेल लाइन ही उपलब्ध नहीं है। यही वजह है कि रायपुर इंटरसिटी के साथ शहडोल-नागपुर ट्रेन को अंबिकापुर तक बढ़ाने की मांग पर भी फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इस संबंध में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी को लिखित जवाब दिया है। रेलवे के मुताबिक, अंबिकापुर स्टेशन पर पहले से ही तीन ट्रेनों के रैक रात में खड़े रहते हैं। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेन के लिए जगह उपलब्ध कराना परिचालन के लिहाज से संभव नहीं है।

रात में खड़े रहते हैं तीन ट्रेनों के रैक, इसलिए अटकी नई इंटरसिटी

रेलवे ने बताया कि अंबिकापुर स्टेशन पर रात के समय तीन ट्रेनों के रैक खड़े किए जाते हैं। इनमें जबलपुर-अंबिकापुर-जबलपुर की गाड़ी संख्या 11265/66, हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर की 22408 और शहडोल-अंबिकापुर की 18755 शामिल हैं। इन ट्रेनों को सुबह निर्धारित समय पर रवाना करना होता है। इसके लिए इनके रैक रात में ही स्टेशन पर रखने पड़ते हैं। स्टेशन पर अतिरिक्त रेल लाइन नहीं होने के कारण नई ट्रेन का रैक खड़ा करने की व्यवस्था नहीं बन पा रही है।

रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया कि अंबिकापुर से रायपुर के लिए नई इंटरसिटी चलाने का नीतिगत फैसला रेलवे बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में आता है। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों में परिचालन संबंधी दिक्कतों के चलते ट्रेन चलाना संभव नहीं है।

शहडोल-नागपुर ट्रेन को अंबिकापुर तक बढ़ाने में भी अड़चन

अंबिकापुर के लोगों की एक और मांग शहडोल से नागपुर तक चलने वाली ट्रेन का विस्तार अंबिकापुर तक करने की है। इस पर रेलवे ने बताया कि यह ट्रेन सेंट्रल रेलवे के अंतर्गत संचालित होती है। इस ट्रेन का शहडोल स्टेशन पर रात करीब 10 बजे आगमन होता है और अगले दिन सुबह 5 बजे रवाना होती है। रेलवे के अनुसार, इस समय अंतराल में ट्रेन का विस्तार अंबिकापुर तक करना व्यावहारिक नहीं है। इसके अलावा अंबिकापुर स्टेशन पर अतिरिक्त रेल लाइन की कमी भी बड़ी बाधा है।

सूरजपुर-अंबिकापुर रेल लाइन के दोहरीकरण से जगी उम्मीद

नई ट्रेनों के परिचालन में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए रेलवे ने सूरजपुर रोड से अंबिकापुर तक रेल लाइन के दोहरीकरण की जानकारी दी है। रेलवे के मुताबिक, सूरजपुर से बैकुंठपुर के बीच करीब 40 किलोमीटर रेल लाइन के दोहरीकरण का काम तेजी से चल रहा है। वहीं, बोरीडांड से बैकुंठपुर के बीच काम के लिए निविदा प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

सूरजपुर रोड से अंबिकापुर तक दोहरीकरण के लिए रेलवे बोर्ड ने फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी दे दी है। इसके लिए निविदा भी आमंत्रित की गई है। रेलवे का मानना है कि दोहरीकरण का काम पूरा होने के बाद ट्रेनों के परिचालन में आ रही बाधाएं काफी हद तक दूर हो सकेंगी।

अंबिकापुर स्टेशन पर भी बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

नई ट्रेनों को लेकर भले ही फिलहाल कोई अच्छी खबर नहीं मिली है, लेकिन अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की तैयारी है। रेलवे ने स्टेशन पर कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने, पैदल ऊपरी पुल और लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। इसके अलावा स्टेशन के उन्नयन से जुड़े काम भी मंजूर किए गए हैं। रेलवे के अनुसार, इन कार्यों को जल्द शुरू किया जाएगा।

संबंधित सामग्री

First Train In Rowghat: आजादी के बाद पहली बार रावघाट पहुंची रेल,1628 करोड़ की लागत से तैयार हुई लाइन

First Train In Rowghat: आजादी के बाद पहली बार रावघाट पहुंची रेल,1628 करोड़ की लागत से तैयार हुई लाइन

छत्तीसगढ़ के रावघाट में आजादी के बाद पहली बार ट्रेन पहुंची है। मंगलवार को ताड़ोकी रावघाट और अभनपुर कुरूद लाइन शुरू हुई। रायपुर से रावघाट का किराया 55 रुपये होगा।

Oct 20, 2026