प्रमोद शर्मा, हापुड़: गढ़मुक्तेश्वर के होटल ली पैलेस में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समारोह में जनपद के 162 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। एक ही मंच पर अलग-अलग परिवारों से आए जोड़ों ने नई जिंदगी की शुरुआत की तो समारोह स्थल खुशियों, आशीर्वाद और मंगलगीतों से गूंज उठा। हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के जोड़ों ने समारोह में हिस्सा लेकर सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत मिसाल पेश की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, गढ़मुक्तेश्वर विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, जिलाधिकारी कविता मीना एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद वैवाहिक कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। नवविवाहित जोड़ों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। परिजनों ने भी नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में सभी 162 नवविवाहित जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित अनुदान राशि, गृहस्थी का सामान और विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। सरकार की इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना है। समारोह में बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण भी मौजूद रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी कविता मीना ने नवविवाहित जोड़ों और उपस्थित लोगों से एक महत्वपूर्ण अपील भी की। उन्होंने कहा कि जिन नवविवाहित जोड़ों की अभी तक वोटर आईडी नहीं बनी है, वे अपना मतदाता पहचान पत्र अवश्य बनवाएं। प्रशासन की ओर से इस दिशा में मौके पर ही व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम स्थल पर बीएलओ की तैनाती की गई, जहां पात्र लोगों से वोटर आईडी से संबंधित फॉर्म भी भरवाए गए।
जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं बल्कि दो परिवारों का मिलन होता है। उन्होंने नवदंपतियों से आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाने का आह्वान किया। समारोह में ब्लॉक प्रमुख, खंड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सामूहिक विवाह समारोह के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी चाक-चौबंद रहीं।