नई दिल्ली। चीनी मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स के आधिकारिक एक्स अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। भारत में कुछ दिनों पहले ही कई पाकिस्तानी हैंडल के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। हालांकि, ग्लोबल टाइम्स की वेबसाइट अभी भी देश में दिखाई दे रही है।
चीन के सरकारी सोशल मीडिया हैंडल को ब्लॉक करने के बाद भारत ने तुर्की के सरकारी सोशल मीडिया हैंडल को भी ब्लॉक कर दिया। दोनों पर आरोप है कि, इन्होंने पाकिस्तान द्वारा भारत पर हमला करने के बाद पाकिस्तानी दुष्प्रचार को बढ़ावा दे रहे थे।
पिछले हफ्ते, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने कहा कि उसने सरकार के कार्यकारी आदेशों के बाद भारत में 8,000 अकाउंट ब्लॉक करना शुरू कर दिया है।
एक्स के ग्लोबल गवर्नमेंट अफेयर्स हैंडल पर एक पोस्ट में, प्लेटफॉर्म ने कहा कि उसे भारत सरकार से कार्यकारी आदेश मिले हैं, जिसके तहत उसे देश में 8,000 से अधिक अकाउंट ब्लॉक करने की आवश्यकता है, "जिसके लिए कंपनी के स्थानीय कर्मचारियों पर भारी जुर्माना और कारावास सहित संभावित दंड लगाया जा सकता है"।