Parliament Budget Session LIVE: 12 घंटे की बहस के बाद वक्फ बिल पास, पक्ष में 288 वोट

Parliament Budget Session LIVE : नई दिल्ली। 2 अप्रैल सुबह 12 बजे से लोकसभा में वक्फ बिल को लेकर चर्चा शुरू हुई। अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को बिल पेश किया। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच कभी तल्ख़ियां दिखी तो कभी हास-परिहास भरी तकरार हुई। चर्चा रात 8 बजे तक होनी थी लेकिन कई सदस्यों द्वारा अपनी बात न रख पाने के चलते चर्चा पूरी नहीं हो पा रही थी। इसलिए समय बढ़ाकर रात 10 बजे तक कर दिया गया। 10 बजे तक भी चर्चा पूरी नहीं हो सकी तो समय फिर बढ़ाया गया और रात 11:30 बजे तक चर्चा का निर्णय लिया गया। रात करीब 12 वोटिंग शुरू हुई और कुछ ही मिनट में नतीजा आया।
एनडीए गठबंधन के पास कुल 296 वोट थे। इसमें बीजेपी के 240, टीडीपी के 16, जदयू के 12, शिवसेना के 7, लोजपा के 5 और अन्य दलों के 16 वोट शामिल थे। वहीं इंडिया गठबंधन के पास कुल 235 वोट थे। इसमें कांग्रेस के 99, सपा के 37, टीएमसी के 28, डीएमके के 22, शिवसेना के 9 और अन्य दलों के 40 वोट शामिल थे। बिल के पक्ष में 296 में से 288 वोट पड़े जबकि विपक्ष में 235 में से 232 वोट पड़े। इस तरह लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पास हो गया।
Live Updates
- 2 April 2025 7:45 PM IST
वक्फ विरोध में इकरा चौधरी ने कहा :
ईद के मौके पर एक विधवा महिला मेरे पास आई और बताया कि, वो अपनी बेटी के साथ वक्फ की संपत्ति पर रहती है। उसे चिंता थी कि, कहीं उसकी जमने छीन तो नहीं ली जाएगी। इससे भारतीय संविधान के आर्टिकल 14 और 15 का उल्लंघन होता है। सरकार ने सेक्शन 107 को हटा दिया है। लिमिटेशन एक्ट लगा दिया गया है। वक्फ बाय यूजर इसके साथ मिलकर न जाने कितने मुसलमाओं से जमीन छीन लेगा। संविधान अल्पसंख्यकों को अपने मामलों को खुद मैनेज करने की स्वतंत्रता देता है। इस कानून से पहले भी महिलाएं बोर्ड में शामिल की गई हैं। मुझे बड़ा अफसोस है कि, इस सदन में उनकी ओर से कोई मुस्लिम महिला नहीं है। हमारे नाम पर बस नरेटिव फैलाना चाहते हैं।
- 2 April 2025 6:58 PM IST
मुसलमानों को डराकर राजनीति करती है कांग्रेस : अमित शाह
ये लोग डराने का काम करते हैं। धारा 370 हटाई तो इन्होने कहा कि, खून की नदियाँ बह जाएंगी। CAA आया तो कहा गया कि, मुसलामानों की नागरिकता चली गई। बताइए एक भी व्यक्ति की नागरिकता गई क्या। ये लोग मुसलामानों को डरा - डराकर अपनी राजनीतिक चलाते हैं।
- 2 April 2025 6:55 PM IST
किसी की जमीन घोषणा मात्र से वक्फ की नहीं होगी : अमित शाह
किसी की जमीन घोषणा मात्र से वक्फ की नहीं होगी। ASI, लोगों की निजी भूमि, आदिवासियों की भूमि को संरक्षण मिलेगा। अपनी जमीन दान कर सकते हैं गांव की जमीन दान नहीं कर पाएंगे। बहुत से मुसलमान भाई जिनमें बोहरा समुदाय के लोग शामिल हैं उन्हें मैं कहना चाहता हूँ कि, अब मुसलमान भी चैरिटेबल ट्रस्ट के तहत रजिस्ट्रेशन करवा पाएंगे।
- 2 April 2025 6:50 PM IST
गृह मंत्री अमित शाह बोले - वोट बैंक के लिए डर फैला रहा विपक्ष
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "...वक्फ अधिनियम और बोर्ड 1995 में लागू हुआ। गैर-मुस्लिमों को शामिल करने के बारे में सभी तर्क वक्फ में हस्तक्षेप के बारे में हैं। सबसे पहले, कोई भी गैर-मुस्लिम वक्फ में नहीं आएगा। इसे स्पष्ट रूप से समझें... धार्मिक संस्थानों का प्रबंधन करने वालों में किसी भी गैर-मुस्लिम को शामिल करने का कोई प्रावधान नहीं है; हम ऐसा नहीं करना चाहते हैं... यह एक बहुत बड़ी गलत धारणा है कि यह अधिनियम मुसलमानों के धार्मिक आचरण में हस्तक्षेप करेगा और उनके द्वारा दान की गई संपत्ति में हस्तक्षेप करेगा। यह गलत धारणा अल्पसंख्यकों में अपने वोट बैंक के लिए डर पैदा करने के लिए फैलाई जा रही है।"
- 2 April 2025 5:16 PM IST
"200 लोगों के हाथ में वक्फ की संपत्ति, यह संविधान बनाम भ्रष्टाचार की लड़ाई" - अनुराग ठाकुर
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने वक्फ संपत्ति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, "एक परिवार के कारण 1947 में देश का विभाजन हुआ था, लेकिन अब हम जमीन का बंटवारा नहीं होने देंगे। मोदी सरकार में सिर्फ एक कानून और एक संविधान रहेगा। संदेश स्पष्ट है—एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे।"
ठाकुर ने इस मुद्दे को संविधान बनाम भ्रष्टाचार बताते हुए कहा कि यह कानून बनाम गैरकानूनी गतिविधियों की लड़ाई है। उन्होंने दावा किया कि "200 लोगों के हाथ में वक्फ की संपत्ति दे रखी गई है, जिसकी कीमत करोड़ों में है।"
उन्होंने अपनी बात को मजबूती देते हुए कहा, "एक कहावत है—यहां से बहुत दूर, सही और गलत के पार एक मैदान है, मैं वहां तुझे मिलूंगा। अगर वक्फ का बल चला, तो तू खुद वक्फ की संपत्ति बन जाएगा।"
वक्फ जमीन घोटाले पर अनुराग ठाकुर का हमला, कांग्रेस नेताओं पर लगाए आरोप
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने वक्फ जमीन घोटाले को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस के कई नेता इस घोटाले में शामिल हैं। ठाकुर ने दावा किया कि "जिनकी जमीन थी, वे आज दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, जबकि वक्फ के नाम पर कई लोगों की संपत्ति जबरन छीनी गई है।"
उन्होंने इस संदर्भ में लालू यादव के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें पटना के डाकबंगले की जमीन को वक्फ बोर्ड द्वारा हड़पने का आरोप लगाया गया था।
"यह विधेयक किसी धर्म के खिलाफ नहीं" – अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा लाया गया यह विधेयक किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि "हमने कानून में बदलाव किए हैं, ताकि मुस्लिम समुदाय के लोगों को भी न्याय मिल सके।" उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि "हमारी सरकार ने तीन तलाक कानून लाकर मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाया, और सीएए (नागरिकता संशोधन कानून) भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"
ठाकुर ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि "इन पार्टियों ने अपने वोट बैंक के लिए संविधान का सौदा किया है, लेकिन अब इस विधेयक से लोगों को न्याय मिलेगा।" उन्होंने कहा कि "अगर किसी को न्याय मिल रहा है, तो इसका विरोध करने का कोई कारण नहीं होना चाहिए।"
- 2 April 2025 5:05 PM IST
वक्फ को बदलने का वक्त आ गया है क्योंकि यह भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है - अनुराग ठाकुर
लोकसभा में अनुराग ठाकुर ने वक्फ संसोधन बिल के बारे में बात करते हुए कहा कि “वक्फ को बदलने का वक्त आ गया है क्योंकि यह भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है,
भारत को वक्फ के खौफ से आजादी चाहिए, कांग्रेस के जमाने में बना इस बोर्ड का मतलब है ना खाता ना वही जो वक्फ कहे वही सही, आज एक बार फिर कांग्रेस देश में भ्रम फैलाने का काम कर रही है।”
कांग्रेस पर तंज कसते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि "आपको तय करना है कि आपको वक्फ के साथ रहना है या संविधान के साथ रहना है।
ये हिंदुस्तान है तालिबान या पाकिस्तान नहीं है। यहां बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान चलेगा, मुगलिया फरमान नहीं चलेगा।"
- 2 April 2025 3:59 PM IST
लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पेश, JDU बोली - कांग्रेस न दे सेकुलरिज्म की दुहाई
JDU नेता और मंत्री ललन सिंह ने कहा - वक्फ धार्मिक संस्था नहीं है। यह तो एक ट्रस्ट है। चाहे महिला हो, गरीब हो या पिछड़े ट्रस्ट को सभी के हक़ के लिए काम करना चाहिए। अरे अगर आपको पसंद नहीं है तो मोदी जी का चेहरा नहीं देखिए लेकिन उनके काम को सराहिए। वे समाज के हर तबके के लिए काम कर रहे हैं। यह तो आपका पाप है इसलिए आपको खराब लग रहा है। आप मुसलमानों के कल्याण के विरोधी हैं क्या। दो तरह के लोग वक्फ संशोधन के खिलाफ हैं एक वे जो धार्मिक माहौल का उपयोग सत्ता के लिए करते थे और वे जिनका वक्फ की सम्पत्तियों पर कब्जा था। वक्फ की संपत्ति सही मामले में खर्च हो इसके लिए यह बिल लाया गया है। अब आपका एजेंडा नहीं चलेगा। यह नरेटिव अगर बनाया जा रहा है तो राजनीतिक लाभ के लिए आप इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
आज मुसलमान समुदाय के अंदर पसमांदा भी हैं। वक्फ में इनका कोई रिप्रेजेंटेशन हैं। आप जातिजनगणना की बात करते हैं तो इन्हें भी हक दीजिये। सेक्यूलर पार्टी कांग्रेस ने कहा कि, हमें (JDU) सेक्यूलर को देखना है। आपकी परिभाषा में सेक्यूलर के नाम पर विवाद किया जाता है लेकिन हमारी परिभाषा में काम किया जाता है विवाद नहीं।
- 2 April 2025 1:56 PM IST
सांसद रविशंकर ने उठाया संसद में शाह बानो केस :
सांसद रविशंकर ने कहा - आज कल संविधान की लाल किताब दिखाई जाती है। मैं संसद में रखी हरी किताब लेकर आया हूं। संविधान की धारा 15 में महिलाओं और सामाजिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए प्रावधान करने का उल्लेख है। मैं बिहार से आता हूं। वहां और उत्तरप्रदेश में कई पिछड़े मुसलमान है। वक्फ बिल में उन्हें भी जगह दी जा रही है तो परेशानी क्या है। यह वक्फ बिल जो संशोधित हो रही है यह आर्टिकल 15 के तहत ही है। अब धारा 25 की बात की जा रही है तो इसका दूसरा पैरा भी पढ़िए। वक्फ कोई धार्मिक संस्था नहीं है बल्कि यह एक कानूनी संस्था है।
मुतवल्ली की भूमिका पर सवाल उठे। एक किताब को कोट करते हुए उन्होंने बताया मुतवल्ली का वक्फ की प्रॉपर्टी में कोई अधिकार नहीं बल्कि प्रॉपर्टी के मैनेजर हैं। अगर 8 लाख संपत्ति को लूटा जा रहा है तो सरकार चुप रहे। हमें बताएं कि, वक्फ की संपत्ति पर कितने स्कूल, हॉस्पिटल और उद्योग लगे। अगर आज इस प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ाने की बात हो रही है तो परेशानी क्या है। यह दिल से कहते हैं संशोधन हो लेकिन इनके अंदर कुछ और है। शाहबानो के केस में अदालत का फैसला आया। उन्हें कुछ सौ रुपए मिले। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के साथ क्या हुआ यह हमने देखा है। प्रधानमंत्री थे उस समय राजीव गांधी।
AIMPLB ने तीन तलाक पर सुप्रीम कोर्ट में कहा कि, निकाहनामा में हम कहेंगे कि, ट्रिपल तलाक मत दो। जब बिल पास हुआ तो तीन तलाक का विरोध इन्होने पूरे देश में किया। धारा 370 को लेकर भी इसी तरह का भ्रम बना लेकिन आज वहां लोकतांत्रिक सरकार है। वोट बैंक के लिए देश कहां तक जाएगा।
इस देश में जितना हक मुस्लिमों का है उतना ही हक मुस्लिमों का है। मुस्लिम समाज के आदर्श डॉ. एपीजे अब्दुल कलम जैसे लोग हैं। जब मोहम्म्मद शमी विकेट लेता है तो हम सबको ख़ुशी होती है। शाहबानो केस में जो हुआ उसके बाद आज तक कांग्रेस को बहुमत नहीं मिला। हमें दो बार पूर्ण बहुमत मिला। तीसरी बार गड़बड़ हुई लेकिन जनता ने सच समझ लिया और बाद में दिल्ली जिता दी।
- 2 April 2025 1:23 PM IST
2013 के संबंध में जो कहा वह पूरी तरह गलत - कांग्रेस सांसद गोगोई
कांग्रेस सांसद गोगोई ने कहा - मंत्री किरेन रिजिजू ने 2013 के संबंध में जो कहा वह पूरी तरह गलत है। मैंने राम मंदिर पर भी कहा था और अब मैं वक्फ पर बोल रहा हूँ। मैं संविधान की ही बात कहूंगा। यह बिल संविधान की मूल भावना पर आक्रमण है। यह हमारे संघीय ढांचे पर आक्रमण है। इनका उद्देश्य है संविधान को कमजोर करना, दूसरा उद्देश्य है अल्पंसख्यकों के खिलाफ भ्रम फैलाना, तीसरा उद्देश्य है लोगों को आपस में लड़ाना।
ईद के मौके पर इनकी डबल इंजन की सरकारों ने लोगों को सडकों पर नमाज नहीं पड़ने दी। ये बताएं कि, इनकी पार्टी के कितने सांसद मुस्लिम हैं।
2023 में चार बार अल्पसंख्यक मामलों की मीटिंग हुई। एक भी मीटिंग में वक्फ बिल की मांग का जिक्र नहीं था। एक भी मीटिंग के मिनट्स में यह जिक्र नहीं है। मैं कहूंगा कि, यह बिल आया कहां से। मिनिस्ट्री ऑफ माइनोरिटी अफेयर ने यह बिल बनाया या किसी और ने।
- 2 April 2025 1:14 PM IST
मेरी हिम्मत को तो सराहो
किरेन रिजिजू ने कहा - मेरी हिम्मत को तो सराहो, मेरे हमराही बनो मैंने एक शमा जलाई है हवाओं के के खिलाफ...मुझे यह बिल पेश करने का मौका मिला बड़ा पुण्य का काम है। मैं चाहता हूँ आप भी इस पुण्य के भागीदारी बनें।
