पद्म पुरष्कारों का ऐलान; धर्मेंद्र से लेकर रोहित शर्मा और गुमनाम नायकों को सम्मान

नई दिल्लीः केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले रविवार को पद्म पुरस्कार 2026 की घोषणा कर दी है। इसके लिए चुने गए लोगों की ऑफिशियल लिस्ट जारी कर दी गई है। इस बार देश की कला, खेल, राजनीति और समाज सेवा से जुड़ी कुल 131 हस्तियों को पद्म सम्मानों से नवाजा जाएगा। दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र समेत पांच हस्तियों को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।
इस बार पद्म विभूषण के लिए 5, पद्म भूषण के लिए 13 और पद्म श्री के लिए 113 लोगों को चुना गया है। इसके साथ ही झारखंड के पूर्व सीएम और सीनियर आदिवासी नेता दिवंगत शिबु सोरेन और मशहूर बॉलीवुड गायिका अलका याग्निक सहित 13 हस्तियों को पद्म भूषण के लिए चुना गया है। वहीं, खेल जगत से क्रिकेटर रोहित शर्मा, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया समेत 113 हस्तियों को पद्मश्री सम्मान दिया जाएगा।
पद्म पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं शामिल
सरकार द्वारा जारी सूची के मुताबिक, इस बार पद्म पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा 6 पुरस्कार विदेशी, एनआरआई, पीआईओ और ओसीआई श्रेणी के लोगों को दिए जा रहे हैं। खास बात यह भी है कि 16 हस्तियों को यह सम्मान मरणोपरांत प्रदान किया जाएगा।
इनको मिलेगा पद्म विभूषण
बता दें कि एक महीने पहले दिवंगत हुए एक्टर धर्मेंद्र को पद्म विभूषण दिया जाएगा। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जन केटी थॉमस (पब्लिक अफेयर्स), कम्युनिस्ट नेता वीएस अच्युतानंदन (पब्लिक अफेयर्स), न राजम (कला) और पी नारायण(शिक्षा-साहित्य) के लिए पद्म विभूषण दिया जाएगा।
पद्म भूषण पाने वाले सम्मानित
इसके अलावा झारखंड के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को पद्म भूषण दिया जाएगा। इसके साथ ही कला के क्षेत्र में योगदान के लिए सिंगर अलका याग्निक, ममूटी, शतावधानी आर गणेश और पीयूष पांडे (मरणोपरांत) जबकि पब्लिक अफेयर्स के लिए भगत सिंह कोश्यारी, वेल्लप्पल्ली नटेसन, वीके मल्होत्रा (मरणोपरांत) दिया जाएगा। इसी तरह मेडिसिन के क्षेत्र में योगदान के लिए कल्लिपट्टी रामासामी पलानीस्वामी, डॉ नोरी दत्तात्रेययुडु शामिल है। इनके साथ ही सोशल वर्क में एसकेएम मैइलानंदन, इंडस्ट्री में उदय कोटक और खेल में विजय अमृत राज को पद्म भूषण मिलेगा।
हर साल की तरह इस बार भी पद्म पुरस्कारों के जरिए देश ने उन लोगों के योगदान को सम्मानित किया है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय और दीर्घकालिक योगदान देकर भारत की पहचान को मजबूत किया है।
जानकारी के लिए बता दें कि पद्म पुरस्कारों में जहां पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।
पीएम मोदी ने दी बधाई
पद्म पुरस्कारों के ऐलान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने पुरस्कार से सम्मानित सभी व्यक्तियों को राष्ट्र के प्रति उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए हार्दिक बधाई दी। देखें पीएम ने ट्वीट में क्या कहा है-
Congratulations to all the Padma Awardees for their outstanding contributions to our nation. Their excellence, dedication and service across diverse fields enrich the fabric of our society. The honour reflects the spirit of commitment and excellence that continues to inspire… https://t.co/Bpf8eze4Bp
— Narendra Modi (@narendramodi) January 25, 2026
बहादुर जवानों को वीरता पुरस्कार की मंजूरी
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के 70 सशस्त्र बलों के बहादुर जवानों को वीरता पुरस्कारों के लिए मंजूरी दी है। इनमें से छह वीरों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा। मंजूर किए गए पुरस्कारों में एक अशोक चक्र, तीन कीर्ति चक्र, 13 शौर्य चक्र (जिसमें एक मरणोपरांत शामिल है), एक बार टू सेना मेडल (वीरता) और 44 सेना मेडल (वीरता) शामिल हैं। कीर्ति चक्र पुरस्कार पाने वालों में मेजर अर्शदीप सिंह, नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा और ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर जैसे बहादुर सैनिक शामिल हैं, जिन्होंने अपने कर्तव्य और साहस से देश का नाम रोशन किया है। राष्ट्रपति का यह सम्मान उन वीर जवानों की बहादुरी और देशभक्ति को सलाम है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी निडर होकर अपने देश की रक्षा की।
