आडवाणी और जोशी समेत कई उम्रदराज नेता नहीं लड़ेंगे चुनाव
X
मोदी वाराणसी से तो भाजपा अध्यक्ष नहीं लड़ेंगे चुनाव
नई दिल्ली/विशेष संवाददाता। नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव -2019 की उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप प्रदान करते हुए भाजपा चुनाव समिति ने तय किया है कि उम्रदराज नेताओं को इस बार चुनाव में नहीं उतारा जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी मौजूदा सीट वाराणसी से ही चुनाव लड़ेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए तय किया गया कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। मंगलवार शाम भाजपा मुख्यालय में चुनाव समिति की देर रात तक चली मैराथन बैठक में सूची की घोषणा करने पर रस्साकशी चलती रही। इससे पहले दिनभर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को मनाने-समझाने का दौर चला। भाजपा संगठन महामंत्री रामलाल ने वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी के घर जाकर उन्हें पार्टी की राय से अवगत कराया। पार्टी गांधी नगर से उनके बेटे जयंत आडवाणी या प्रतिभा आडवाणी को टिकट देना चाहती है और इसके लिए खुद आडवाणी इसकी घोषणा करें। इसी तरह का फैसला कानुपर से सांसद और वरिष्ठ नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी को लेकर है हालांकि डॉ. जोशी इस फैसले से सहमत नहीं हुए हैं। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के मौजूदा सभी दसों सांसदों के टिकट काटे गए हैं जहां नए उम्मीदवारों को उतारे जानी की खबरें हैं। राजनंदगांव से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को टिकट दिए जाने की जानकारी मिली है। दुर्ग से प्रेम प्रताप का टिकट तय हुआ है तो रायपुर से ब्रजमोहन अग्रवाल का चुनाव लडऩा तय हुआ है। उत्तराखंड से पौड़ी गड़वाल से बीसी खंडूरी का टिकट काटा गया है। 84 वर्षीय नेता भगत सिंह कोश्यारी भी इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा सीट से सांसद 84 वर्षीय शांता कुमार ने खुद चुनाव नहीं लडऩे की बात कही है। कर्नाटक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीएस येदुरप्पा को चुनाव नहीं लडऩे को कहा है। उनके बेटे सांसद हैं और उनका टिकट तय मााना जा रहा है। दक्षिणी बेंगलौर से सांसद रहे स्व अनंत कुमार की पत्नी का टिकट तय किए जाने की खबर है। पटना सीट से सांसद और फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का भी टिकट कटने की खबर है। उनके स्थान पर भाजपा की ओर से कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद की टिकट तय मानी जा रही है। अभी यह देखना दिलचस्प होगा कि शत्रु राजद से चुनाव लड़ते हैं या किसी और पार्टी से।
Naveen Savita
Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.