Home > राज्य > अन्य > नई दिल्ली > मुख्यमंत्री केजरीवाल की कोरोना जांच रिपोर्ट आई

मुख्यमंत्री केजरीवाल की कोरोना जांच रिपोर्ट आई

मुख्यमंत्री केजरीवाल की कोरोना जांच रिपोर्ट आई
X

दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कोविड-19 बीमारी नहीं हुई है। उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। उन्होंने मंगलवार सुबह अपना कोरोना टेस्ट के लिए अपना सैंपल दिया था। अब सैंपल की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। केजरीवाल कोविड-19 महामारी के कुछ लक्षण आने के बाद रविवार से ही आइसोलेशन में थे।

उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा था कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत ठीक नहीं है। उन्हें बुखार है और गले में खरास है, इसीलिए मुख्यमंत्री ने खुद को आइसोलेट कर लिया। वह कोई बैठक भी नहीं कर रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वयं को पहले ही सभी सरकारी कार्यक्रमों एवं बैठकों से अलग कर चुके हैं। सोमवार को उन्होंने किसी अधिकारी से मुलाकात नहीं की। मुख्यमंत्री ने स्वयं को अपने आवास के अंदर आइसोलेशन में रखा था।

मंगलवार को मुख्यमंत्री की गैर-मौजूदगी में ही स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में दिल्ली में कोरोना की स्थिति जानकारी देते हुए उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आशंका प्रकट की कि दिल्ली में जिस तेजी से कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़ रही है, उस गति से 31 जुलाई तक प्रदेश में कोविड-19 मरीजों की संख्या 5.5 लाख तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोरोना का कम्यूनिटी स्प्रेड शुरू हो चुका है।

दिल्ली सरकार के अधिकारियों के मुताबिक इससे पहले रविवार सुबह मुख्यमंत्री ने एक कैबिनेट मीटिंग की थी। इस बैठक में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पर्यावरण मंत्री गोपाल राय, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन सहित कई मंत्रियों ने हिस्सा लिया था। बैठक में मुख्य सचिव विजय देव भी मौजूद थे। हालांकि बुखार आने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए।

बहरहाल, दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव लोगों की कुल संख्या 29,943 हो गई। इनमें से 11,357 कोरोना रोगी अभी तक स्वस्थ हो चुके हैं। 17,712 एक्टिव कोरोना रोगी अभी भी दिल्ली में अपना उपचार करा रहे हैं। वहीं अभी तक कोरोना से दिल्ली से दिल्ली में 874 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

Updated : 9 Jun 2020 2:07 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top