Home > राज्य > मध्यप्रदेश > मप्र उपचुनाव 2020 > गुण्डागर्दी कर प्रदेश का माहौल बिगाड़ रही कांग्रेस: वीडी शर्मा

गुण्डागर्दी कर प्रदेश का माहौल बिगाड़ रही कांग्रेस: वीडी शर्मा

गुण्डागर्दी कर प्रदेश का माहौल बिगाड़ रही कांग्रेस: वीडी शर्मा
X

भोपाल l भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर मंगलवार को दो स्थानों पर प्राणघातक हमले हुए, उनको धमकी देने का प्रयास किया गया, यह दुर्भाग्यजनक है। प्रदेश में कांग्रेस की जमीन खिसक गयी है और उसके पास कुछ बचा नहीं है। इसी बौखलाहट के चलते अनर्गल बयानबाजी कर कांग्रेस गुंडागर्दी पर उतर आयी है। जो भी आपराधिक तत्व उपचुनाव में बाधा उत्पन्न करते है उनके खिलाफ प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे। कांग्रेस की इस गुंडाई मानसिकता का जवाब भाजपा कार्यकर्ता 3 नवंबर को अपनी अथक मेहनत के साथ देंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बदनावर एवं ग्वालियर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर किए प्राणघातक हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए कही।

श्री शर्मा ने कहा कि मतदान के पूर्व कांग्रेस द्वारा हिंसक घटनाओं को अंजाम देने का इतिहास रहा है। कांग्रेस का मूल चरित्र गुंडागर्दी और झूठ बोलने का रहा है। दुर्भाग्य पूर्ण है कि चुनाव के एक दिन पहले कांग्रेस के अपराधिक तत्वों ने बदनावर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर और ग्वालियर में भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर के बेटे पर हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह और कमलनाथ इसी मूल पिंड के नेता हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह और कमलनाथ अपराधी प्रवृत्ति को बढ़ावा देकर ही चुनाव जीतना चाहते है। लेकिन उनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होने वाले।

आतंकवाद के समर्थकों के साथ खड़ी कांग्रेस

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के दिग्विजय सिंह जैसे नेता बाटला हाउस एन्काउंटर को फर्जी बताते है। तो शहीद हुए मोहनचन्द शर्मा की शहादत का अपमान करते हुए आतंकवादियों से मिलने जाते है। जब पाकिस्तान द्वारा हमारे सैनिकों के सिर काटे जाते है तो भारतीय वायुसेना सर्जिकल स्ट्राइक करती है। पूरा देश सर्जिकल स्ट्राइक पर गर्व करता है, लेकिन दिग्विजय सिंह को दर्द होता है वह इसके सबूत मांगते है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आतंकवादियों का समर्थन करने वालों के साथ खड़ी रहती है और इन सब में दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पहली पंक्ति में आते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने आतंकवाद के समर्थन में भोपाल में जो तांडव किया वह दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह से प्रदेश और देश की जनता यह सवाल करती है कि आतंकवाद के समर्थक आरिफ मसूद के खिलाफ कांग्रेस ने अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं की। क्या कांग्रेस मसूद के इस कृत्य का समर्थन करती है।

चुनाव परिणाम कमलनाथ का घमंड चूर कर देंगे

श्री विष्णुदत्त शर्मा ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश के साथ जो गद्दारी की उसके कारण कांग्रेस की सरकार गिरी। चाहे दलित बेटी का अपमान हो या संवेदनशील मुख्यमंत्री को भूखा नंगा कहना इन सभी अपमानों का कांग्रेस को जवाब प्रदेश और ग्वालियर चंबल की जनता 3 नवंबर को देगी। कमलनाथ ने बाबा साहेब के संविधान को दरकिनार किया और अपना घमंड दिखाया है। कमलनाथ के इस घमंड को जनता चुनाव परिणाम के साथ चूर-चूर कर देगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के बीच विकास के मुद्दे, संवेदनशील नेतृत्व के आधार पर चुनाव मैदान में उतरी है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से दिल जीतने का काम किया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि भाजपा सभी 28 सीटों पर विजय होगी।

मतदाताओं और कार्यकर्ताओं से की अपील

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने 28 विधानसभाओं के मतदाताओं से आव्हान किया कि निर्भय होकर अधिक से अधिक मतदान करें। प्रदेश को बचाने के लिए, गरीब कल्याण के लिए और संवेदनशील भारतीय जनता पार्टी को स्थायित्व देने के लिए भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर मध्यप्रदेश में इतिहास बनाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि हमें शालीनता और संयमता के साथ ऐसे गुंडों को ताकत के साथ जवाब देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी घटनाओं को अंजाम देकर सोच रही है कि भाजपा कार्यकर्ता डर जायेगा तो उसकी भूल है। भाजपा का कार्यकर्ता ऐसे ही नहीं बैठा है, यदि कोई उसके साथ गलत करेगा तो वह उसका उचित जवाब देगा।

Updated : 12 Oct 2021 11:16 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top