Home > राज्य > मध्यप्रदेश > मप्र उपचुनाव 2020 > कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर का बंटाढार कर दिया था : कैलाश विजयवर्गीय

कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर का बंटाढार कर दिया था : कैलाश विजयवर्गीय

कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर का बंटाढार कर दिया था : कैलाश विजयवर्गीय
X

मंदसौर। उपचुनाव के लिए सभी 28 सीटों पर प्रचार तेज होता जा रहा है। दोनों दलों के बड़े नेता अपने प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहें है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सुवासरा विधानसभा क्षेत्र में आमसभा को संबोधित किया। इस दौरान गत कांग्रेस सरकार और कमलनाथ एवं दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर का बंटाढार कर दिया था। बस भ्रष्टाचार का बोलबाला था।

दिग्विजय सिंह ने सरकारी बंगले में बैठकर 'लॉ' चलाया। वे तबादलों में, ठेकों में ला-ला करते थे और कमलनाथ इसके लिए ऑर्डर देते थे। कमलनाथ के आने के बाद मध्यप्रदेश में सबसे बड़ा तबादला उद्योग चला। कई कांग्रेसियों को तो रोजगार भी मिल गया था। कमलनाथ ने सरकार में आने के पहले युवाओं से वादा किया था कि बेरोजगारों को प्रतिमाह 4 हजार रूपए भत्ता दिया जाएगा। किसानों का 2 लाख रुपये तक का कर्जामाफ करने का वादा किया था। कांग्रेस सिर्फ बोलती है, करती नहीं है, लेकिन भाजपा जो बोलती है, वह करती भी है। विजयवर्गीय ने कहा की हमारे कार्यकर्त्ता ही भाजपा की सेना है। जिस तरह भारत की सेना सीमा पर खड़े होकर बाहर के दुश्मन से लड़ रही है उसी तरह भाजपा का पोलिंग बूथ का कार्यकर्ता अंदर के दुश्मन से लड़ता है।

राहुल को इंच,फुट का ज्ञान नहीं

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा की वह कहते है चीन की सेना 1200 कि.मी. देश के अंदर आ गई। राहुल गांधी को कि.मी. इंच, फुट का भी ज्ञान नहीं है। अगर चीन की सेना 1200 कि.मी. अंदर आती तो दिल्ली तक आ जाती। राहुल गांधी ने देश की सेना का अपमान किया है। देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया में कहीं पर भी जाते हैं तो मोदी-मोदी के नारे लगते हैं। मोदी जी ने करोड़ों जनता का मान-सम्मान बढ़ाने का काम किया है। मोदी जी ने भारत को दुनिया के अंदर सक्षम देश बनाया है।

भाजपा ने सबका विश्वास जीता -

उन्होंने कहा कि देश की माताओं, बहनों की आंखों में खाना बनाते समय आंसू आते थे। उनके आंसू पोछने का काम गैस चूल्हा देकर उज्जवला योजना के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी ने किया। यही भाजपा का विकास और विचार है। मोदी जी ने किसी भी गरीब से भेदभाव नहीं किया। मोदी जी कहते हैं सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास तो भाजपा ने सबका विश्वास जीतने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव साधारण नहीं है, यह मध्यप्रदेश के भविष्य का निर्धारण करेगा। इसलिए भाजपा को जिताने का संकल्प लें।

Updated : 12 Oct 2021 11:20 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top