Home > राज्य > मध्यप्रदेश > मुरैना > कर्नाटक में जीत से मप्र कांग्रेस में खुशी की लहर, कमलनाथ ने भाजपा को लेकर जताया ये...डर

कर्नाटक में जीत से मप्र कांग्रेस में खुशी की लहर, कमलनाथ ने भाजपा को लेकर जताया ये...डर

कमलनाथ ने मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का किया दावा

कर्नाटक में जीत से मप्र कांग्रेस में खुशी की लहर, कमलनाथ ने भाजपा को लेकर जताया ये...डर
X

मुरैना/वेबडेस्क। कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। रुझानों में कांग्रेस को बढ़त मिल रही है। कर्नाटक में कांग्रेस के प्रदर्शन से मप्र में पार्टी के समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि कर्नाटक में निश्चित है कि पार्टी की सरकार बनेगी। हालांकि भाजपा हमेशा की तरह जोड़तोड़ का प्रयास करेगी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाएगी।

कमल नाथ शनिवार को मुरैना में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कर्नाटक के रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब तक के चुनावी रुझान से साफ दिखाई दे रहा है कि कांग्रेस ने कर्नाटक में बेहतर प्रदर्शन किया है। यह परिणाम घृणा और नफरत के खिलाफ है। मुझे पूरा विश्वास है कि कर्नाटक में हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि पांच महीने बाद मध्य प्रदेश में भी चुनाव होना है। उन्होंने चुनाव बाद मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का दावा किया।

बहनों को 18 साल बाद याद किया

उन्होंने मप्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही नारी सम्मान योजना के तहत हर महिला को 1500 रुपये महीने और 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की बात दोहराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बहनों को 18 साल बाद याद किया है। शिवराज ने भ्रष्टाचार का पाप धोने के लिए बहनों को याद किया है। आज देखिए हर जगह हड़ताल चल रही है। आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य कर्मचारी, संविदा कर्मचारी, अतिथि शिक्षक हड़ताल पर हैं। कुछ दिन पहले डाक्टर भी हड़ताल पर थे। प्रदेश में खोखली स्वास्थ्य व्यवस्था हो चुकी है, खोखली अर्थव्यवस्था, खोखली कृषि व्यवस्था, खोखली स्वास्थ्य व्यवस्था, खोखली कानून व्यवस्था, खोखली औद्योगिक व्यवस्था और खोखली नदियां हैं। यह भाजपा की 18 साल की सरकार का परिणाम है। पत्रकार वार्ता के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, जिला प्रभारी बालेंदु शुक्ला आदि नेता मौजूद थे।



Updated : 13 May 2023 8:33 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top