Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > देवास में रंजिश के चलते भाजपा युवा मोर्चा नेता के पिता व चचेरे भाई की हत्या

देवास में रंजिश के चलते भाजपा युवा मोर्चा नेता के पिता व चचेरे भाई की हत्या

पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

देवास में रंजिश के चलते भाजपा युवा मोर्चा नेता के पिता व चचेरे भाई की हत्या
X

देवास/सतवास। देवास जिले के सतवास थानांतर्गत ग्राम गोला में रविवार की सुबह 8 बजे जाट समाज के दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। इस विवाद के चलते एक पक्ष ने बंदूक से गोलियां चला दी। फलस्वरूप दूसरे पक्ष के राजू पिता नारायण गोदारा की मौके पर मौत हो गई। वहीं कैलाश पिता रामचंद्र गोदारा की इंदौर में अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल सुनील को इंदौर रेफर किया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि मृतक कैलाश गोदारा भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अनिल गोदारा के पिता है। इस घटना के बाद मृतक पक्ष के सैकड़ों लोगों ने सतवास थाने का घेराव कर दिया। उनकी मांग थी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके घरों पर बुलडोजर नहीं चल जाता, तब तक वे मृतक का शव थाने के सामने रखकर आंदोलन करेंगे। हालांकि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की समझाइश के बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ। बताया जा रहा है कि मृतक पक्ष भाजपा से जुड़ा है। वहीं आरोपी पक्ष कांग्रेसी है। घटना से एक दिन पहले मृतक पक्ष लाडली बहना योजना के पर्चे बांट रहा था और इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी, जो अगले दिन सुबह खूनी संघर्ष में बदल गई। उधर दोपहर में प्रशासन ने आरोपियों के मकान को जमींदोज कर दिया।

पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक संपत कुमार उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सरपंच चुनाव से रंजिश चली आ रही थी। इसी बात को लेकर इन दोनों पक्षों के बीच आज विवाद हुआ था। हमने 7 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर 2 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

Updated : 11 Jun 2023 6:56 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top