राजगढ़ में गरजे राजनाथ सिंह, प्रियंका गांधी को बताया मौसमी हिन्दू , कहा - पहले नर्मदा की याद नहीं आई

भोपाल/वेबडेस्क। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि किसान अन्नदाता ही नहीं, भारत का भाग्य विधाता भी है। किसान के बेटों ने सीमाओं की रक्षा की है। भारत को ताकतवर बनाने के लिए किसानों को ताकतवर बनाना होगा। चाहे स्वतंत्रता की लड़ाई हो, वर्ष 1857 का संग्राम हो, चम्पारण का सत्याग्रह हो या गुजरात के बारडोली का आंदोलन, किसानों ने अंग्रेजों की चूल्हें हिला दी थीं। आज मध्यप्रदेश में इस किसान-कल्याण महाकुंभ में किसानों की बड़ी संख्या में उपस्थिति हर्षित करने वाली है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में विकास और किसान, गरीब, बेटियों आदि सभी के लिये करिश्माई कार्य कर रहे हैं। वे जनता के लिये तहे दिल से कार्य कर रहे हैं। जनता उन्हें कितना अधिक प्यार करती है, यह आज मैं देख रहा हूँ।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को राजगढ़ जिले में किसान-कल्याण महाकुंभ को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री सिंह और मुख्यमंत्री चौहान ने सिंगल क्लिक से मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना-2023 में 11 लाख किसानों के खाते में 2 हजार 123 करोड़ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 44 लाख 49 हजार किसान के खाते में 2 हजार 900 करोड़, मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना में 70 लाख 61 हजार किसान के खाते में एक हजार 400 करोड़, इस प्रकार 6 हजार 423 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। कार्यक्रम में किसानों के साथ ही बड़ी संख्या में बहनें एवं बेटियाँ एकत्र हुईं।
प्रियंका गांधी पर तंज -
राजनाथ सिंह ने प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग मौसमी हिन्दू बन गये है। अब नर्मदा की आरती की जा रही है। पहले नर्मदा की याद नहीं आई। मप्र में भाजपा इस बार बहुमत से कई अधिक सीटें जीतेंगी।राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने वादों का कभी पूरा नहीं किया है। भाजपा ने एक एक वादे पूरे किए है। जो हम कहते है वो हम करते है। नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के कारण भारत की राजनीति में एक विश्वास का संकट पैदा हुआ है। लेकिन मैं मानता हूं कि हमारे पीएम और मुख्यमंत्री ने इस संकट को चुनौती के रूप में स्वीकार्य किया है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि पहले से अधिक सीट इस बार भाजपा को विजय प्राप्त होगी।
पहले नर्मदा की याद नहीं आई
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने जो कहा वो किया। वे केवल घोषणा नहीं बल्कि उन्हें अमल में भी लाते हैं।पिछले चुनाव में कमलनाथ ने बहुत सारे वादे किए, लेकिन क्या पूरे किया था ? ये लोग बाराबर वादे करते है लेकिन पूरे नहीं करते। फिर से पांच गारंटी प्रदेश की जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर ही है। हम केवल सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करते, हम समाज और देश बनाने का काम करते है। कांग्रेस के कुछ लोग मौसमी हिन्दू बन गये है। अब नर्मदा की आरती की जा रही है। पहले नर्मदा की याद नहीं आई। हनुमान जी का गदा लेकर मीटिंग कर रहे है। पहले श्री राम जी और हनुमान जी का नाम लेते ही इनके ऊपर पहाड़ टूट जाता था।
मध्यप्रदेश में शिवराज कर रहे करिश्माई कार्य
रक्षा मंत्री ने कहा कि किसान-कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में मुख्यमंत्री चौहान ने करिश्माई कार्य किया है। उन्हें स्मरण है कि जब वे कई वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री चौहान के निमंत्रण पर किसान सम्मेलन में मध्यप्रदेश आए थे, तब किसानों को 4 प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता था, जिसे उन्होंने शून्य प्रतिशत तक लाने का कार्य किया। उन्होंने किसानों के हित में एक नहीं अनेक कदम उठाए हैं। यह उनके संवेदनशील होने का प्रमाण है। प्रधानमंत्री मोदी की तरह मुख्यमंत्री चौहान भी जन-कल्याण के लिए करिश्माई नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। राजगढ़ की इस सभा में मौजूद विशाल जन-समुदाय भी इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री चौहान ने जनता की काफी सेवा की है।
उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता, जीवनदाता और भाग्य-विधाता हैं। किसानों को मजबूत बनाए बिना हमारा देश विकास नहीं कर सकता। मध्यप्रदेश की सरकार ने किसान भाइयों और बहनों के लिए अतुलनीय कार्य किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
केन्द्र सरकार ने गाँव, गरीब और किसानों की चिंता की है
रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने डिजिटल इंडिया के निर्माण के लिए अद्भुत कार्य किया है। देश में 29 लाख करोड़ रूपए के भुगतान सिर्फ मोबाइल से हो रहे हैं। डिजिटल क्रांति का ही यह उदाहरण है कि आज सब्जी की दुकान पर भी ई-पेमेंट हो रहा है। गत 9 वर्ष में गाँव, गरीब और किसान की चिंता की गई है। किसानों के लिए कोई सरकार कार्य करती है, तो उन पर कोई एहसान नहीं करती। कृषि कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। हमारी कथनी और करनी में अंतर नहीं होना चाहिए। केन्द्र और राज्य सरकार ने जो कहा वह किया है। पूर्व सरकार और वर्तमान सरकार के कार्यों में जमीन-आसमान का अंतर है। यही बात मध्यप्रदेश के लिए भी कही जा सकती है।
कृषि बजट बढ़ा -
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जल-जीवन मिशन के तहत घर-घर तक जल पहुँचाने का संकल्प लिया गया है। मध्यप्रदेश ने इस क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करते हुए 60 लाख परिवारों तक टोटी से जल-प्रदाय करने का कार्य किया। देश में अनाज का उत्पादन बढ़ा है। भारत विश्व में जिन क्षेत्रों में छठवें से दसवें स्थान पर था, अब वह पहले और दूसरे स्थान पर आ रहा है। केन्द्र सरकार के बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कृषि बजट भी बढ़ा है। शौचालयों के निर्माण का प्रश्न हो या सड़कों के निर्माण का, भारत निरंतर प्रगति कर रहा है।
