Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > भारत को प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने दी गति

भारत को प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने दी गति

भारत को प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने दी गति
X

श्योपुर। पांच साल पहले भारत ठहरा हुआ था। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने सत्ता संभाली, तो आशा की किरण दिखाई दी। उन्होंने ठहरे हुए देश को गति दी और अब उनके पौने पांच साल के कार्यकाल में देश का मान- सम्मान शिखर छू रहा है। हमारी सेना अब दुनिया की तीसरी ऐसी सेना बन गई है, जो अपने सैनिकों की शहादत का बदला दुश्मन के घर में घुसकर लेती है। यह बात मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने श्योपुर जिले के विजयपुर में विजय संकल्प यात्रा के दौरान विशाल सभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर एवं नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने भी संबोधित किया।

सबके विकास के लिए काम कर रही मोदी सरकार

प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने नारा दिया था कि गरीबी हटाओ, मगर गरीबी नहीं हटी, गरीब जरूर हट गए। देश में मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास को लेकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई आयुष्मान योजना गरीबों के इलाज के लिए वरदान सिद्ध हुई है। इस सरकार के पौने पांच सालों के कार्यकाल में ढाई करोड़ लोगों को मकान मिले हैं। कांग्रेस ने आजादी के बाद गरीबों को कुल 13 करोड़ गैस कनेक्शन दिए, जबकि मोदी सरकार ने अपने पौने पांच सालों में 15 करोड़ गैस कनेक्शन देकर माताओं, बहनों के आंसू पोंछने का काम किया है।

देश की रक्षा करने वालों का अपमान कर रही कांग्रेस

राकेशसिंह ने कहा कि पुलवामा हमले में हमारे 40 जवानों ने अपनी जान गंवाई। पूरा देश उस समय उनके साथ था। मोदी सरकार ने फैसला किया और हमारी वायुसेना ने पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक के जरिए आतंकवादियों का सफाया किया। वायुसेना के इस शौर्य पर पूरा देश गर्व कर रहा है, लेकिन राहुल गांधी सहित कांग्रेस के अन्य नेता सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर सबूत मांग रहे हैं। आज पूरा देश कांग्रेस और उसके नेताओं को धिक्कार रहा है। देशभक्त होने का दावा करने वाले ये लोग आज देश की रक्षा करने वाले सैनिकों और सेनाओं का अपमान कर रहे हैं।

कर्ज माफी हुई नहीं, जनहित की योजनाएं बंद कर दीं

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तीन महीने पहले धोखे से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई। प्रदेश में कांग्रेस ने किसानों से कर्ज माफी का जो वायदा किया था, वह आज तक पूरा नहीं हुआ। ऐसा ही वादा इन्होंने पंजाब, कर्नाटक की जनता से भी किया था, मगर आज तक वहां की जनता कर्ज माफी की राह देख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भाजपा सरकार ने गरीबों के लिए शुरू की गई संबल जैसी अनेकों लोककल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी हैं। प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई किसान समृद्धि योजना का पैसा नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि कमलनाथ सरकार ने केंद्र को किसानों की सूची नहीं भेजी।

कमलनाथ सरकार ने दिया किसानों को धोखा : नरेंद्रसिंह तोमर

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि कर्ज माफी के नाम पर सत्ता में आई कमलनाथ सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। उन्होंने गठबंधन में शामिल दलों और नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ जहां मां-बेटे जमानत पर घूम रहे हैं, वहीं लालू यादव चारा घोटाले में फंसे हैं। इसी तरह चंद्रबाबू नायडू आयकर की जांच का सामना कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा ममता बनर्जी लोकतंत्र का गला घोट रही हैं। उन्होंने गठबंधन को लूट बंधन बताया। तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभालने के बाद जहां भ्रष्टाचार पर लगाम कसी, वहीं किसान हितैषी योजनाओं की शुरुआत की।

कांग्रेस की वादा खिलाफी, बढ़ते अपराधों के खिलाफ वोट दें : गोपाल भार्गव

नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने आतंकी संगठन सिमी को समूल नष्ट करने काम किया था। डकैत खत्म किए, लेकिन कांग्रेस सरकार के आते ही डकैत फिर सक्रिय हो गए हैं। अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही, लेकिन शिक्षित युवाओं को पशु चराने की ट्रेनिंग दी जा रही है। 10 दिनों में कर्जमाफी की बात कही, लेकिन अभी तक प्रदेश में एक भी किसान ऐसा नहीं है, जिसका 2 लाख रुपए का कर्ज माफ हुआ हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि हमें प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ, कांग्रेस की वादाखिलाफी के खिलाफ मतदान करना है। सभा के दौरान सांसद अनूप मिश्रा, वेदप्रकाश शर्मा, जयसिंह कुशवाह, विधायक सीताराम आदिवासी, जिला अध्यक्ष गोपाल आचार्य, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक गर्ग सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।

Updated : 13 March 2019 2:45 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top