Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > भारत माता को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाना हमारा लक्ष्य: नरेन्द्र सिंह

भारत माता को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाना हमारा लक्ष्य: नरेन्द्र सिंह

भारत माता को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाना हमारा लक्ष्य: नरेन्द्र सिंह
X

शिवपुरी। केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल सरकार नहीं, भारत माता को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाना है। वे आज यहां एक निजी होटल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होने चंदेरी और चांचौड़ा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली।

केंद्रीय मंत्री तोमर ने भाजपा संवाद कार्यक्रम में कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी कहते थे कि दिल्ली से हम 100 रुपए भेजते हैं, गांवों तक जाते-जाते 15 रुपए ही रह जाते हैं। मतलब कांग्रेस के शासन में इतना भ्रष्टाचार था, कि 100 में से 80 रुपए सिस्टम की भेंट जाते थे। भाजपा के शासन में यह स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। आज हम दावे के साथ कह सकते हैं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का ढाई लाख करोड़ रुपया हमने साढ़े ग्यारह करोड़ किसानों के खाते में पहुंचाया और जितना भेजा उतना ही पहुंचा, एक रुपए की दलाली किसी भी स्तर पर नहीं हुई।

श्री तोमर ने कहा कि भारत विश्व गुरू के पद पर आसीन हो, भारत फिर से सोने की चिड़िया कहलाने वाला देश बने, यही हमारा परम लक्ष्य है। आज हम ऐसे पड़ाव पर खड़े हुए हैं जहां से हमें हमारा लक्ष्य बेहद नजदीक नजर आ रहा है।

उन्होने कहा कि आज से दस साल पहले भारत की गिनती दुनिया में नहीं होती थी, चाहे जी-20 हो, चाहे 60 कंट्रियों का विषय हो, चाहे एचसीओ कंट्रियों का संगठन हो, चाहे यूएनओ हो, भारत पीछे की लाइन में बैठा रहता था, लेकिन आज हमारी सरकार और मोदी जी के कृतित्व और व्यक्तित्व के कारण दुनिया के राजनीतिक मंच पर यह परिस्थिति बनी है कि दुनिया का कोई भी राजनीतिक मंच अपनी बैठक का एजेंडा तब तक तय नहीं कर पाता तब तक हिंदुस्तान हां नहीं भर दे। यह हमारी बढ़ती हुई ताकत का परिचायक है। आज हमारे आज हमारे अलोचकों को भी यह कहने को बाध्य होना पड़ता है कि आने वाले कल में तेजी के साथ आगे बढ़ने वाली कोई अर्थव्यवस्था है तो वह भारतवर्ष है। यह हम लोगों के लिए गौरव का विषय है।

श्री तोमर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ सरकार बनाने तक के लक्ष्य पर ही सीमित नहीं रहती। भाजपा ने नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में यह लक्ष्य तय किया है कि 2047 आएगा भारत विकसित भारत दुनिया में कहलाएगा। इस लक्ष्य को लेकर भाजपा काम कर रही है।

उन्होने कहा कि जब 1951 में डॉ. मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जब दल का गठन किया तो उस समय भारतीय जनसंघ के पास 10—12 कार्यकर्ता थे। केंद्र से लेकर राज्य तक सब तरफ कांग्रेस की सरकार थी, इतनी बड़ी और मजबूत सरकार के विरुद्ध पार्टी को खड़ा करना एक बड़ी चुनौती थी। इस सबके बावजूद हमारे नेताओं ने अपनी विचारधारा से कोई समझौता नहीं किया।

उन्होने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1953 में कहा था कि एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं रहेंगे। अपने इस कार्य के यथार्थ रूप देने के लिए भाजपा को लगभग 55 साल इंतजार करना पड़ा। केंद्र में भाजपा की मजबूत सरकार बनते ही हमने 370 समाप्त कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ध्येय वाक्य को पूरा कर दिया।

हमारे देश के प्रधानमंत्री मोदी जी जानते थे कि हमारे नेताओं ने जो स्वप्न देखा है जिसके लिए दल का गठन किया है उस उद्देश्य की प्राप्ति होनी चाहिए। चाहे उसकी कितनी भी बड़ी कीमत चुकाना पड़े। राम मंदिर के विषय में लोग मजाक उड़ाया करते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे, लेकिन हमको भी इंतजार था अनुकूलता का, क्योंकि हम यह चाहते थे, कि मंदिर का निर्माण भी हो और पूरे भारत में कील गिरने की आवाज भी नहीं आए। जब चारों तरफ विचार से आच्छादित हिंदुस्तान हो गया तो न्यायालय ने भी निर्णय दिया और राम मंदिर का शिलान्यास भी हो गया। मंच पर राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त रमेश खटीक, नरेंद्र बिरथरे, जसवंत जाटव प्रहलाद भारती, सांसद केपी यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा, उपाध्यक्ष हेमंत ओझा मौजूद रहे। स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष राजू बाथम द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री सोनू बिरथरे व आभार महामंत्री गगन खटीक द्वारा व्यक्त किया गया।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का किया सम्मान

बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने किया जिसमें बीके गुप्ता, मदन बिहारी रीवास्तव, रामगोपाल चौधरी, बलवीरसिंह चौहान, भरत अग्रवाल, विमल जैन, शंकरलाल रावत, प्रमोद जैन, जनवेद वर्मा, गुलाबसिंह धाकड़, अशोक मामा, भगवतसिंह आदि शामिल थे।

Updated : 9 Jun 2023 8:35 PM GMT
author-thhumb

City Desk

Web Journalist www.swadeshnews.in


Next Story
Top