Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > जबलपुर में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने चलाई तलवार, 3 बुजुर्ग घायल

जबलपुर में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने चलाई तलवार, 3 बुजुर्ग घायल

हमले में घायल तीनों लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया

जबलपुर में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने चलाई तलवार, 3 बुजुर्ग घायल
X

जबलपुर/वेबडेस्क। जबलपुर में गुरुवार सुबह छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने तीन बुजुर्गों पर चाकू और तलवार से हमला कर दिया। घटना के वक्त तीनों बुजुर्ग मॉर्निंग वाक पर निकले थे। वारदात के बाद आरोपित मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल और संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। हमले में घायल तीनों लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुटी है।

जानकारी अनुसार शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के गुलौआ तालाब पार्क में रोजाना की तरह गुरुवार सुबह लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इस दौरान दाे लड़के पार्क में घूम रही महिलाओं के साथ छेड़खानी करने लगे। लड़कोंं को ऐसा करते देख वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें डांट दिया। इसके बाद दोनों लड़के वहां से चले गए। कुछ देर बाद चार से पांच लड़के हाथों में हथियार लेकर पार्क में आए और डांटने वाले बुजुर्गों पर हमला कर दिया। तलवार और चाकू से हुए हमले में तीन बुजुर्ग घायल हो गये। जिन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित दीवार कूदकर फरार हों गए। पार्क में तैनात चौकीदार राजेश दुबे इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी थे। उसने संजीवनी नगर थाना पुलिस को इस पूरे घटनाक्रम की सूचना दी। वारदात की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल, सीएसपी प्रतिष्ठा राठौर, महापौर जगत बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि इस घटना में पार्क में टहल रहे अशोक सिंह, राकेश चक्रवर्ती और वीरेंद्र पटेल घायल हुए है, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। सीएससी प्रतिष्ठा राठौर के मुताबिक आरोपितों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा, हालांकि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस का कहना है कि यह जांच का विषय है कि विवाद छेड़खानी को लेकर हुआ था या फिर कुछ और घटनाक्रम है।

Updated : 18 May 2023 12:38 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top