Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > केन्‍द्रीय मंत्री गहलोत ने दिव्यांगों को बांटे उपकरण

केन्‍द्रीय मंत्री गहलोत ने दिव्यांगों को बांटे उपकरण

भारतीय संस्कृति हमें दीन-दुखियों की सेवा करने की सीख देती है।

केन्‍द्रीय मंत्री गहलोत ने दिव्यांगों को बांटे उपकरण
X

केन्‍द्रीय मंत्री गहलोत ने दिव्यांगों को बांटे उपकरण

सतना । भारतीय संस्कृति हमें दीन-दुखियों की सेवा करने की सीख देती है। अगर हम सब मिलकर दिव्यांगों के कल्याण में सहभागिता निभांएगे, तो वह भी मानवता के विकास में कदम से कदम मिलाकर चल पाएंगे। यह बात केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावरचन्द गहलोत ने सोमवार को सी.एस.आर. कार्यक्रम के अंतर्गत दिव्यांगजन हेतु निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह में कही। समारोह में 1 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक राशि के उपकरण दिव्यांगों को वितरित किए गए। इस मौके पर गहलोत ने 278 लाख रुपये की लागत से बनने वाले जिला पंचायत के नवीन भवन का भूमिपूजन कर भवन की आधारशिला रखी।

मंत्री गहलोत ने कहा कि दिव्यांगों की तरक्की के क्षेत्र में भारत ने दुनिया में अलग पहचान बनाई है। दिव्यांगजन उत्थान की दिशा में भारत ने पिछले चार वर्षो में 6 विश्व रिकार्ड बनाए हैं। भारत में दिव्यांगो के कल्याण के लिये बना एक्ट इतना श्रेष्ठतम है कि वह संयुक्त राष्ट्रकीअपेक्षाओं से भी कहीं बढ़कर है। उन्‍होंने कहा कि भारत सरकार की नौकरियों में दिव्यांगों को 4 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। भारत सरकार ने वर्ष 2014-15 से दिव्यांगजन को छात्रवृत्ति देना भी शुरू किया है। गहलोत ने कहा कि दिव्यांगों के लिए आधुनिक हाथ-पैर बनाने एवं व्हील चेयर बनाने का निर्णय लिया गया है। इस तरह के शिविर देश के हर जिले में लगाये जाएंगे। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि इस तरह की सामग्री बांटने के लिये अब वृद्धजनों के लिए भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सारे देश में दिव्यांगजन के लिए यू.डी.आई.डी. कार्ड बनाए जाएंगे।

क्षेत्रीय सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मानवता की सेवा से बढ़कर यदि कोई और सेवा है, तो वह दिव्यांगजन की सेवा को माना गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में देशभर में लाखों दिव्यांग जरूरतमंदो की जरूरत को निःशुल्क पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सतना जिले के गांव-गांव एवं शहर-शहर में दिव्यांगो की जरूरत को पूरा करने की दिशा में आज यहां निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह के रूप में मूर्तरूप दिया जा रहा है। सांसद सिंह ने कहा कि इस शिविर में 538 दिव्यांगो को एक करोड़ से अधिक राशि के उपकरण दिलवाए जा रहे हैं। देशभर में अब तक 3 लाख 13 हजार दिव्यांगों को इस तरह के उपकरण बांटे जा चुके हैं।

कलेक्टर मुकेश कुमार शुक्ला ने कहा कि जिन दिव्यांगजन का पूर्व में पंजीयन हो चुका है, उन्हे अभी लाभान्वित किया जाएगा तथा जो छूटे हुए हैं, उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका पंजीयन किया जाएगा। उन्होने कहा कि इस शिविर का समापन नहीं होगा, बल्कि यह विकासखण्डों में भी लगाया जाएगा। कार्यक्रम में महापौर ममता पाण्डेय समेत विभिन्न जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।






Updated : 2 July 2018 5:55 PM GMT
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top