Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > कांग्रेस पर जमकर बरसे ज्योतिरादित्य सिंधिया, कहा - चुनाव तक याद रहते है जनता से किये वादे

कांग्रेस पर जमकर बरसे ज्योतिरादित्य सिंधिया, कहा - चुनाव तक याद रहते है जनता से किये वादे

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शनिवार को जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान झाबुआ जिले की थांदला, पेटलावद और झाबुआ विधानसभा की रथ सभाओं और जन सभाओं को संबोधित किया

कांग्रेस पर जमकर बरसे ज्योतिरादित्य सिंधिया, कहा - चुनाव तक याद रहते है जनता से किये वादे
X

झाबुआ। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस अपनी बात चुनाव तक याद रखती है और चुनाव संपन्न होते ही सब भूल जाती है। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने किसानाें से कर्ज माफ़ी और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया लेकिन सरकार बनते ही सभी वादों से मुकर गयी। वादाखिलाफी के कारण ही कांग्रेस की सरकार को सत्ता से बेदखल होना पड़ा।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शनिवार को जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान झाबुआ जिले की थांदला, पेटलावद और झाबुआ विधानसभा की रथ सभाओं और जन सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। जब भी हमारे देश, समाज और हमारी संस्कृति पर कोई संकट आया है, तब हमारे जनजातीय बंधुओं ने उनका डटकर सामना किया है। शिवाजी महाराज ने जब हिन्द स्वराज के लिए लड़ाई लड़ी तब उनके अनेक किलों की रक्षा आदिवासी भाइयों ने की है और उसी प्रकार हमारे हर बूथ की रक्षा हमें करनी है। इस बार का यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है, यह चुनाव सिर्फ थांदला और प्रदेश का चुनाव नहीं बल्कि देश का निर्णय तय करने वाला चुनाव है। इसलिए इस चुनाव में पूरी ताकत से साथ जुट कर भाजपा को विजयी बनाएं।

जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत -


खंडवा से शुरू हुई भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा शनिवार को झाबुआ से थांदला, पेटलावद के लिए रवाना हुई। मेघनगर से यात्रा में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने यात्रा का नेतृत्व किया। मूसलाधार बारिश के बीच कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया व यात्रा का जोरदार स्वागत किया। सिंधिया के साथ सांसद डॉ सुमेर सिंह सोलंकी, प्रदेश के मंत्री तुलसीराम सिलावट, यात्रा के सह प्रभारी जयपाल सिंह चावड़ा, सांसद गुमान सिंह डामोर आदि नेतागण मौजूद थे। तेज बारिश के बीच यात्रा झाबुआ और थांदला विधानसभा के गांवों में पहुंची जहाँ जनजातीय बंधुओं ने केन्द्रीय मंत्री सिंधिया का परम्परागत तरीके से स्वागत किया।

सिंधिया ने ली चुटकी, कहा-कांग्रेस से पोस्टरों से दिग्विजय का गायब होने का उन्हें दुःख -

पेटलावद में सभा में सिंधिया ने कहा कि वे कमलनाथ और दिग्विजय सिंह का सम्मान करते हैं लेकिन इन दिनों कांग्रेस द्वारा उनके चुनावी पोस्टरों से दिग्विजय सिंह का फोटो न लगाने का उन्हें दुख है। प्रदेश के दो बार के मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह के साथ कांग्रेस का ऐसा व्यवहार दुख देता है।उन्होंने थांदला की सभा में कहा कि भाजपा अपने हर कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। हम सब यहां पर एक यात्री हैं मगर हमारा सफर हमेशा सफल होना चाहिए। इसी उद्देश्य को लेकर भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा लेकर आपके बीच आई है। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता है, जिसका मान सम्मान भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने कायम रखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तिरंगे को विश्व पटल पर ही नहीं बल्कि चांद पर भी लहराया है।उन्होंने सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं और जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रजातांत्रिक संग्राम का समय आ गया है, जिसमें हर योद्धा को इंसाफ के लिए काम करना है। हमारा एकमात्र लक्ष्य देश का विकास है, जिसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरा करने में जुटी है। आप भाजपा को जिताकर देश और प्रदेश के विकास में भागीदार बनें।

Updated : 16 Sep 2023 2:24 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top