Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > शिवराज सिंह का कमलनाथ पर तंज, कहा - हम धन के अभाव का...

शिवराज सिंह का कमलनाथ पर तंज, कहा - हम धन के अभाव का...

शिवराज सिंह का कमलनाथ पर तंज, कहा - हम धन के अभाव का...
X

खंडवा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम कमलनाथ जी की तरह धन के अभाव का रोना रोने वाले मुख्यमंत्री नहीं हैं, विकास और जनकल्याण के लिए रास्ता निकालेंगे और प्रदेश के नवनिर्माण व जनता के कल्याण के सभी सपनों को साकार करेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान मंगलवार को खंडवा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत देवास जिला के कांटाफोड नगर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता की जिंदगी बदलने के लिए प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और मैं मुख्यमंत्री हूं। देवास और आसपास के क्षेत्र में जल्द ही खेतों तक भरपूर पानी पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने सभा में पूर्ववर्ती कांग्रेस की कमलनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कमलनाथ कहते हैं कि हम हर जगह नारियल फोड़ते हैं। उनकी भी तो 15 महीने सरकार थी, उन्होंने विकास के काम करके नारियल क्यों नहीं फोड़े? हम तो जनता की सेवा कर रहे हैं। विकास कर रहे हैं, तो नारियल फोड़ेंगे ही।उन्होंने कहा कि संबल योजना गरीबों के लिए बहुत बड़ा सहारा थी, जिसमें आकस्मिक मृत्यु पर 4 लाख, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख और अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रुपये हमारी सरकार प्रदान करती थी। कमलनाथ जी ने इस योजना को भी बंद कर दिया, हमने फिर से शुरू कर दिया है। आवास के लिए फिर से सर्वे हो रहे हैं। पुरानी सूची वर्ष 2011 के आधार पर बनी थी। अब जो रह गए हैं उनके नाम जोड़कर उन्हें मकान दिए जाएंगे। एक साल में एक लाख सरकारी नौकरियों में प्रदेश के युवाओं की भर्ती की जायेगी। अपना उद्यम प्रारंभ करने वाले बेटे-बेटियों को उद्यम क्राति योजना में बैंक लोन देंगे और लोन की गारंटी हमारी सरकार देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज सरकारी या निजी अस्पतालों में किया जा रहा है। इस योजना के कार्ड बनाए जा रहे हैं। जो लोग रह गए हैं, वह जल्दी कार्ड बनवा लें। आज हमारे बीच नंदू भैया नहीं हैं। वे अद्भुत नेता थे। मैं आपको वचन देता हूं कि उनके सभी अधूरे कामों को पूरा करूंगा। आप सबसे मेरी यही प्रार्थना है कि विकास, जनता के कल्याण के लिए भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद दीजिये।

Updated : 27 Oct 2021 7:02 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top