Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > विदिशा में जेठ ने बहू को पेट्रोल डालकर आग लगाई, गंभीर हालत में भोपाल रेफर

विदिशा में जेठ ने बहू को पेट्रोल डालकर आग लगाई, गंभीर हालत में भोपाल रेफर

विदिशा में जेठ ने बहू को पेट्रोल डालकर आग लगाई, गंभीर हालत में भोपाल रेफर
X

विदिशा। जिले के सिरोंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गरेठा में शुक्रवार सुबह एक युवक ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर छोटे भाई की पत्नी को आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और उसे सिरोंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया, जहां से उसकी नाजुक अवस्था को देखते हुए उसे भोपाल रेफर कर दिया है। घटना के बाद से ही आरोपित जेठ फरार है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।

सिरोंज एसडीओपी उमेश कुमार तिवारी ने बताया कि घटना शुक्रवार को सुबह 7 से 8 बजे के बीच की है। जिस वक्त घटना हुई, तब महिला का पति वीरन अपने खेत पर था। पूजा और उसकी सास कला बाई घर में थीं। घटना के वक्त पूजा घर से बाहर आंगन में चूल्हे पर खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। वहीं सास कलाबाई बाहर बैठी हुई थी। सास कला बाई ने ही पुलिस को बताया कि उसके बड़े बेटे यानी पूजा के जेठ राजा केवट ने उसे पेट्रोल डालकर आग लगा दी और खुद भाग गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से झुलस गई है। उसे गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है।

सिंरोज थाना प्रभारी अनुज प्रताप सिंह के अनुसार अब तक इस घटना की वजह का पता नहीं चल पाया है। आरोपित जेठ राजा केवट घटना के बाद से ही फरार है। करीब तीन साल पहले उसकी पत्नी छोड़कर चली गई थी, तब से वह अकेला ही रह रहा था। पुलिस ने आरोपित राजा के खिलाफ धारा 307 के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Updated : 8 March 2024 1:44 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top