Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिया अबकी बार 200 पार का नारा, कहा- मप्र में दोहराएंगे गुजरात वाली जीत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिया अबकी बार 200 पार का नारा, कहा- मप्र में दोहराएंगे गुजरात वाली जीत

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कटनी में आयोजित पार्टी विस्तारित प्रदेश पदाधिकारी बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिया अबकी बार 200 पार का नारा, कहा- मप्र में दोहराएंगे गुजरात वाली जीत
X

कटनी। गुजरात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा के नेतृत्व में सरकार बनी है। किसी भी राज्य में इतनी बड़ी प्रचण्ड जीत पहले कभी नहीं मिली। हमें गुजरात चुनाव में 53 प्रतिशत वोट शेयर मिला है। मध्यप्रदेश में भी हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे है। 2023 चुनाव की दृष्टि से हम 50 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर का संकल्प पूरा करते हुये गुजरात की जीत को मध्यप्रदेश में भी दोहराएंगे।

यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को कटनी में आयोजित पार्टी विस्तारित प्रदेश पदाधिकारी बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि यह बैठक 2023 का शंखनाद है। यहां से हम ''अबकी बार 200 पार'' का संकल्प लेकर राजनीतिक इतिहास बनाएंगे।कटनी के निर्मल सत्य गार्डन में आयोजित बैठक का शुभारंभ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने किया। अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन और महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण किया।

गुजरात चुनाव में मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं ने 37 में से 35 सीटों पर विजय हासिल की

शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश के संगठन को आर्दश संगठन के रूप मे जाना जाता है, यही कारण है कि गुजरात चुनाव में मध्यप्रदेश संगठन को 37 सीटों की जवाबदारी मिली। प्रदेश के 90 कार्यकर्ताओं की टीम ने इस सीटों पर चुनाव की कमान संभालते हुए 35 सीटों पर जीत हासिल की। चुनाव में लगे कार्यकर्ताओं की मेहनत ने प्रदेश संगठन का मान बढ़ाया है। सभी कार्यकर्ता बधाई के हकदार है। आज पार्टी तकनीक और संसाधनों से युक्त उत्कृष्ठ संगठन बन चुका है। हम सब मिलकर कुशाभाऊ ठाकरे के विचार के अनुरूप संगठन को मजबूत बनाने में लगे हैं।

हमारा संगठन तंत्र मजबूत

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति के गठन के साथ ही हर बूथ के डिजिटलाईजेशन और सशक्तिकरण के चलते हमारा संगठन तंत्र मज़बूत है। प्रत्येक मंडल में अधिक से अधिक यूथ कनेक्ट को ध्यान में रखते हुए युवा मोर्चा ने खिलता कमल अभियान शुरू किया है तो वही महिला मोर्चा स्व-सहायता समूह की महिलाओं व प्रदेश की लाड़ली लक्ष्मियों से संपर्क अभियान चला रहा है। प्रदेश में गौरव यात्राएं निकालकर जनजातीय वर्ग को पेसा एक्ट के प्रति जन-जनजागरुकता अभियान भी संचालित हुआ है।

मध्यप्रदेश में सरकार और संगठन बेहतर समन्वय -

प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। मध्यप्रदेश की पहचान आज देशभर में आदर्श राज्य के रूप में है। सरकार, संगठन, कार्यकर्ता और जनता की दृष्टिसे हमारे प्रदेश की पहचान अन्य राज्यों से अलग है। मध्यप्रदेश में सरकार और संगठन बेहतर समन्वय के साथ काम करती है। हमें इसी विशिष्ट पहचान को बनाए रखना है। हम पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। हमारे प्रदेश और जिला पदाधिकारी संगठन विस्तार में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। यह भूमिका और अधिक बढ़ने वाली है। क्योंकि हमारे सामने 51 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर को बढ़ाने और 200 पार विधानसभा सीट जीतने का असाधारण लक्ष्य है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए बूथ कार्य विस्तार योजना भी प्रारंभ होने वाली है। आज मध्यप्रदेश में जो अनुकूल परिस्थितियां हैं, उसे देखकर कहा जा सकता है कि हम अपने लक्ष्य को अवश्य ही पूर्ण करेंगे।

Updated : 17 Dec 2022 3:33 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top