Home > राज्य > मध्यप्रदेश > अन्य > भाजपा ने मणिपुर में जारी किया घोषणा पत्र, बुजुर्गों को पेंशन से लेकर किए कई वादे

भाजपा ने मणिपुर में जारी किया घोषणा पत्र, बुजुर्गों को पेंशन से लेकर किए कई वादे

भाजपा ने मणिपुर में जारी किया घोषणा पत्र, बुजुर्गों को पेंशन से लेकर किए कई वादे
X

इंफाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि मणिपुर अब सुशासन का राज है और राज्य नाकाबंदी और बंद से अब विकास, शांति, समृद्धि की ओर जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य महिलाओं, युवाओं और किसानों को सशक्त बनाना तथा पिछड़ों, वंचितों और हाशिये पर गए लोगों को सहारा देना है।

नड्डा ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के साथ विचार-विमर्श कर घोषणापत्र तैयार किया गया है। घोषणापत्र अगले पांच वर्षों में भाजपा की प्रतिबद्धता दर्शाता है।नड्डा ने आगे कहा कि मणिपुर अस्थिरता से स्थिरता, उग्रवाद से शांति और विभाजनकारी राजनीति से संयुक्त राज्य के दौर से गुजर रहा है। पहले फर्जी एनकाउंटर होते थे और अब कानून का राज है। ड्रग की बड़ी समस्या थी और भाजपा इसके प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और उनकी टीम के गतिशील नेतृत्व में राज्य ने पिछले पांच वर्षों में एक बड़ा बदलाव देखा है। हमें यह भी याद रखना चाहिए कि मणिपुर अस्थिरता से स्थिरता और स्थिरता से बड़ी छलांग लगा रहा है। नड्डा ने कहा कि गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए भाजपा सरकार बढ़े स्तर पर ढांचागत निर्माण कार्यों पर ध्यान केन्द्रित कर रही है। इसमें स्वास्थ्य और शिक्षा दो महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं।

महिला सशक्तिकरण के विषय पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध करायेगी। हम राज्य की सभी मेधावी कॉलेज जाने वाली लड़कियों को मुफ्त स्कूटी प्रदान करेंगे। आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्ग की लड़कियों को उनकी शिक्षा और विकास के लिए 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। 12 वीं कक्षा पास करने वाले सभी मेधावी छात्रों को मुफ्त लैपटॉप प्रदान करेंगे और उच्च शिक्षा पाने में उन्हें सहयोग करेंगे। छोटे-सीमांत और भूमिहीन किसानों के सभी बच्चों को छात्रवृत्ति दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान तय है। पहले चरण का मतदान 28 फरवरी को होगा। दूसरे चरण का मतदान 5 मार्च को होगा। अन्य राज्यों के साथ नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।

Updated : 22 Feb 2022 9:02 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top