Home > राज्य > मध्यप्रदेश > इंदौर > इंदौर में बैंक मैनेजर के घर लोकायुक्त का छापा, डेढ़ करोड की बेनामी संपत्ति मिली

इंदौर में बैंक मैनेजर के घर लोकायुक्त का छापा, डेढ़ करोड की बेनामी संपत्ति मिली

इंदौर में बैंक मैनेजर के घर लोकायुक्त का छापा, डेढ़ करोड की बेनामी संपत्ति मिली
X

इंदौर। शहर के मानवता नगर में नर्मदा झाबुआ बैंक के मैनेजर राजा राम शिंदे के घर पर लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार सुबह छापा मारा। लोकायुक्त ने यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने पर की है। इंदौर सहित मनावर व कुक्षी में भी शिंदे के ठिकानों पर लोकायुक्त की कार्रवाई चल रही है। मुख्य कार्रवाई मनावर में चल रही है। अभी तक मैनेजर के पास से डेढ़ करोड की संपत्ति मिली है, जिसमें कारें, मकान, दो पहिया वाहन भी शामिल हैं।

राजा राम शिंदे इस समय मनावर में पदस्थ हैं और लोकायुक्त की मुख्य कार्रवाई मनावर में ही की जा रही है। इसके अलावा कुक्षी में भी कार्रवाई जारी है। राजा राम की नर्मदा झाबुआ बैंक में पोस्टिंग क्लर्क के तौर पर हुई थी और दो साल पहले ही उन्हें पदोन्नत कर मनावर में प्रबंधक बनाया गया था। राजा राम के खिलाफ बैंक में भ्रष्टाचार की शिकायतें मिली थी। राज्य सरकार की किसानों के ऋण माफी योजना में राजा राम ने रुपये लेकर हेरफेर किया था।

डेढ़ करोड की अनुपातहीन संपत्ति -

राजा राम के दो बेटे हैं। एक बेटा मनावर में ही वकील है और दूसरा बेटा इंदौर में इंडिया बुल्स ट्रेडिंग कंपनी में है। इंदौर में लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई इसी बेटे के यहां जारी है। मानवता नगर में उसका छोटा बेटा किराए के फ़्लैट में रहता हैं। कुक्षी में भी मकान था जो किराए पर दे दिया। अभी तक राजा राम के पास से, पत्नी की संपत्ति (जमीन) हटाने के बाद डेढ़ करोड की अनुपातहीन संपत्ति मिली है। इसमें कारें, जमीन, मकान व दो पहिया वाहन शामिल है।

कार्रवाई जारी

बुधवार को सुबह कुक्षी और मनावर स्थित शिंदे के निवास पर लोकायुक्त की टीम अचानक पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। लोकायुक्त टीम संपत्ति के रिकॉर्ड से लेकर अन्य ब्यौरा खंगाल रही है। लोकायुक्त डीएसपी प्रवीण बघेल ने बताया कि हमारी कार्रवाई जारी है। हम विस्तृत जानकारी निकाल रहे हैं।

Updated : 2 April 2022 8:24 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top