Home > राज्य > मध्यप्रदेश > इंदौर > किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए ये प्रधानमंत्री का संकल्प : कृषि मंत्री

किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए ये प्रधानमंत्री का संकल्प : कृषि मंत्री

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत शुरू हुआ "मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ" अभियान

किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए ये प्रधानमंत्री का संकल्प : कृषि मंत्री
X

इंदौर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान का शुभारंभ मध्य प्रदेश के इंदौर से ही हो रहा है। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का शुभारंभ किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ क्रियान्वयन हो रहा है। हर किसान की जुबां पर इस योजना के लाभ की बात है। किसानों को संकट के समय उनकी भरपूर सहायता की गई है।

केन्द्रीय मंत्री तोमर शनिवार को इंदौर में केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत "मेरी पॉलिसी मेरे हाथ" अभियान के शुभारम्भ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इंदौर के बरलई में आयोजित विशाल कार्यक्रम में "मेरी पॉलिसी मेरे हाथ" अभियान का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य एवं केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, उद्यानिकी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह, सांसद शंकर लालवानी तथा महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

"मेरी पॉलिसी मेरे हाथ" अभियान एक अनूठी पहल है, जिसके अंतर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में नामांकित किसानों को ग्राम पंचायत/ग्राम स्तर पर विशेष शिविरों के माध्यम से फसल बीमा पॉलिसियों की हार्ड कॉपी वितरित की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य योजना के तहत नामांकित सभी ऋणी और गैर-ऋणी किसानों तक पहुंचना एवं उन्हें फसल बीमा के बारे में जागरूक करना है।

केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कार्यक्रम में उपस्थित विशाल जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया जाए, यह प्रधानमंत्री मोदी की सोच और उनका संकल्प है। उनकी इस सोच और संकल्प को साकार करने के लिये पुरजोर प्रयास किये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जैविक कृषि उत्पादन का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। जैविक उत्पादन के दाम भी किसानों को अच्छे मिल रहे हैं। मध्य प्रदेश में जैविक खेती का रकबा बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए कारगर प्रयास किये जा रहे हैं। इसके फलस्वरूप जैविक खेती के क्षेत्र में मध्य प्रदेश देश में अव्वल स्थान पर है। उन्होंने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए जरूरी है कि खेती की लागत कम की जाए, किसानों को उनके उत्पादन का वाजिब दाम मिले और खेती किसानी के लिए आधुनिक उपकरण और तकनीक का उपयोग किया जाए। इस दिशा में मध्यप्रदेश में दृढ़ संकल्प के साथ कार्य किए जा रहे हैं।

तोमर ने कहा कि मध्य प्रदेश में योजनाओं की राशि का भुगतान किसानों के खाते में पारदर्शी रूप से हो रहा है। समर्थन मूल्य, फसल की क्षतिपूर्ति की मुआवजा राशि सहित अन्य योजनाओं का पैसा किसानों के खाते में सीधे जमा हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसान देश की आत्मा है। किसान आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे तो गाँव और देश का विकास होगा। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिये गाँव और किसान का कल्याण हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश के मंत्रीगण एवं इंदौर सांसद लालवानी ने भी विचार रखे।

यह वयोवृद्ध किसान जिन्हें मिली पॉलिसीः समारोह में चयनित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान के तहत फसल बीमा योजना की पॉलिसी अतिथियों ने वितरित की। यह पॉलिसी प्राप्त करने वालों में सभी किसान वयोवृद्ध थे। जिन्हें पॉलिसी मिली,. उनमें बद्रीलाल (70), लीलाबाई (72), मोहनलाल (70), तेजराम पटेल (81), अनोखी लाल (73), गीता बाई (72), सुंदर बाई (80), सुखराम (77), मूलचंद (70), मांगीलाल (75)शामिल हैं। साथ ही पंजीकृत किसान संगठन के पदाधिकारियों को भी पंजीयन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समारोह में फसल बीमा योजना तथा जैविक खेती पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। अतिथियों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान थीम गीत का विमोचन भी किया।

Updated : 26 Feb 2022 1:27 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top