Home > राज्य > मध्यप्रदेश > इंदौर > राहुल गांधी ने राऊ में चलाई बाईक, आज शाम इंदौर पहुंचेगी भारत जोड़ो यात्रा

राहुल गांधी ने राऊ में चलाई बाईक, आज शाम इंदौर पहुंचेगी भारत जोड़ो यात्रा

राहुल गांधी ने राऊ में चलाई बाईक, आज शाम इंदौर पहुंचेगी भारत जोड़ो यात्रा
X

इंदौर। भारत जोड़ो यात्रा का रविवार को पांचवां दिन है। यात्रा सुबह छह बजे महू से रवाना हुई। यात्रा आज शाम को इंदौर पहुंचेगी, जहां राहुल गांधी राजबाड़े पर नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। इंदौर में यात्रा के स्वागत के लिए जोरदार तैयारियां की गई हैं।

राहुल गांधी की यात्रा अलसुबह महू से रवाना होने के बाद विधायक जीतू पटवारी के विधानसभा क्षेत्र राऊ में पहुंची, जहां मामाजी के ढाबे पर रुककर राहुल ने टी ब्रेक लिया। जिसके बाद यात्रा आगे के लिए रवाना हो गई।राऊ पहुंचने पर राहुल ने बुलेट बाइक चलाकर देखी। इस दौरान स्थानीय विधायक जीतू पटवारी समेत कई कांग्रेसी नेता उनके पीछे भागते दिखे।


अब दोपहर में राऊ के आगे एयू सिनेमा के पास लंच ब्रेक होगा। यहां कुछ घंटे आराम करने के बाद शाम चार बजे यात्रा फिर इंदौर के लिए प्रारम्भ होगी। यात्रा राजेंद्र नगर पुलिस थाने के सामने से होते हुए चाणक्य पुरी चौराहा, केसरबाग ब्रिज, चोइथराम मंडी चौराहा, माणिकबाग रोड, कलेक्टर चौराहा, हरसिद्धि मंदिर के पास से गांधी भवन होते हुए राजबाड़ा पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। सभा के बाद यात्रा चिमनबाग मैदान पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।

इंदौर में राहुल गांधी की यात्रा के स्वागत के लिए शहर व जिला कांग्रेस कमेटी ने तैयारी पूरी कर ली है। यात्रा जिस रास्ते से होकर गुजरेगी, उसे बैनर, होर्डिंग और झंडों से पाट दिया गया है। स्वागत के लिए कई जगह मंच बनाए गए हैं। इधर, चिमनबाग मैदान पर भी विशाल मंच बनाया गया है। इस मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के बाद राहुल गांधी जनता को संबोधित करेंगे।

Updated : 28 Nov 2022 6:26 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top