Home > राज्य > मध्यप्रदेश > इंदौर > इंदौर : मूल्यनिष्ठ वरिष्ठ स्वयंसेवकों का उत्साह व समर्पण के आगे उम्र भी नतमस्तक

इंदौर : मूल्यनिष्ठ वरिष्ठ स्वयंसेवकों का उत्साह व समर्पण के आगे उम्र भी नतमस्तक

डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति ने किया 40 वर्ष संघ आयु वाले स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण

इंदौर : मूल्यनिष्ठ वरिष्ठ स्वयंसेवकों का उत्साह व समर्पण के आगे उम्र भी नतमस्तक
X

- 90 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ स्वयंसेवकों का सम्मान

इंदौर(संदीप निरखीवाले)। डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति की स्थापना दिवस एवं नववर्ष विक्रम संवत् 2080 के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इंदौर विभाग के ऐसे स्वयंसेवक जिनकी संघ आयु 40 वर्ष से अधिक व आयु 55 वर्ष से अधिक है। ऐसे सभी स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण इंदौर के प्राचीन संघ स्थान नारायण बाग (पंत वैद्य कालोनी) पर रविवार को प्रात: 8 बजे से आयोजित किया गया। एकत्रीकरण कार्यक्रम में 90 वर्ष से अधिक आयु के स्वयंसेवकों का सम्मान किया गया। यह स्वयंसेवक एक सूचना पर पहुंचे थे, इसमें से कुछ तो ऐसे थे जिन पर उम्र का असर तक नहीं था। वहीं कुछ ऐसे भी थे जो शरीर से अशक्त थे, लेकिन उनका भी उत्साह देखते बनता था। उनका संघ आज्ञा का पालन अनुशासन का पाठ सीखा गया। मूल्य निष्ठ वरिष्ठ स्वयंसेवकों को सम्मानित कर सैकड़ों स्वयंसेवक अभिभूत हो रहे थे। सभागृह में तालियां रुकने का नाम नहीं ले रही थी।


कार्यक्रम का संचालन डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति के अध्यक्ष ईश्वरदास हिन्दूजा ने किया और उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। कार्यक्रम की शुरुआत मध्य क्षेत्र कार्यवाह अशोक अग्रवाल, इंदौर विभाग संघचालक शैलेन्द्र महाजन, ईश्वरदास हिन्दूजा ने भारतमाता व डॉ. हेडगेवार एवं श्री गुरुजी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया। पश्चात संघ नींव में गत वर्ष जो स्वयंसेवक विसर्जित हुए, उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही श्री हिन्दूजा ने उनके जीवन पर संक्षिप्त प्रकाश भी डाला। न्यायमूर्ति रामकृष्ण विजयवर्गीय, श्री गोपालराव येवतीकर, श्री लक्ष्मीकांत मुकादम (अण्णाजी), श्री पुरुषोत्तम जोशी, श्री वेदप्रताप वैदिक, श्री फूलचंद वर्मा, श्री सुरेश लोखण्डे, श्री जगतनारायण जोशी, श्री चंचल रिझवानी, श्री विनोद तलरेजा, श्री विष्णुप्रसाद शुक्ला (बड़े भैया) एवं श्रीमती काकिर्डे को दो मिनिट मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

इन्हें किया सम्मानित

मूल्यनिष्ठ वरिष्ठ स्वयंसेवकों का इस अवसर पर सम्मान श्री अग्रवाल व श्री महाजन ने किया। ये स्वयंसेवक 90 वर्ष से अधिक आयु के हैं। यह सभी स्वयंसेवक संघ की एक सूचना पर कार्यक्रम में पहुंचे। इनके चेहरे पर संघ का अनुशासन व चमक थी। सभी ने खड़े होकर संघ प्रार्थना की।

1. श्री टिकेन्द्र शरण सिंह (99 वर्ष 6 माह), पेशे से अधिवक्ता। पहले कांग्रेस में थे। भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया, पश्चात संघ के स्वयंसेवक बने। इंदौर महानगर संघचालक रहे व अन्य दायित्वों का निर्वहन किया। 1948 में संघ प्रतिबंध पर जेल में रहे, मीसाबंदी रहे।

2. श्री यशवंतराव शर्मा (99 वर्ष)। बाल्यकाल से स्वयंसेवक। 1930 में बड़वाह में शाखा लगाई। पेशे से शिक्षक रहे। गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दी व छात्रावास बनाए।

3. श्री यशपाल दुआ (95 वर्ष)। अविभाज्य भारत के रावलपिंडी में स्वयंसेवक बने। कई स्थानों पर संघ की शाखा का विस्तार किया। अर्चना कार्यालय पर भी समय दिया, मीसाबंदी रहे।

4. श्री पुरुषोत्तम वर्मा (95 वर्ष) बाल्यकाल से स्वयंसेवक देपालपुर तहसील कार्यवाह। तहसील संघचालक व अन्य दायित्वों का निर्वहन किया। क्षेत्र में शाखा विस्तार किया। मीसाबंदी रहे। आपका अद्भुत समर्पण रविवार को भी देखने को मिला। पेशाब हेतु नली डली हुई, फिर भी सूचना कर निर्वहन किया।

5. श्री श्रीकृष्ण त्र्यम्बक काकिर्डे (91 वर्ष) ग्वालियर महाविद्यालय में प्राचार्य रहे। ग्वालियर विभाग संघचालक, मध्यभारत प्रांत शारीरिक प्रमुख, मध्यभारत प्रांत सहकार्यवाह जैसे दायित्वों का निर्वहन किया, मीसाबंदी रहे।

6. श्री मधुकर खाण्डेकर (93 वर्ष) ग्वालियर महानगर संघचालक, ग्वालियर विभाग सेवा प्रमुख सहित अन्य दायित्वों का निर्वहन किया।

7. श्री गोविंद व्यास (92 वर्ष) छावनी क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा प्रारंभ की, फिर इसे बढ़ाया। क्षेत्र के लोगों को संघ से जोड़ा मीसाबंदी रहे।

नवाचारों से ले प्रेरणा

इस अवसर पर मध्यक्षेत्र कार्यवाह अशोक अग्रवाल ने संबोधित करते हुए अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की जानकारी दी। उन्होंने वहां प्रस्तुत वृत का उल्लेख किया। साथ ही संघ शताब्दी वर्ष की जानकारी भी दी। प्रतिनिधि सभा में जो निर्णय लिए गए है, उसे बताया। साथ ही विभिन्न प्रांतों द्वारा किए गए नवाचारों पर प्रकाश डाला। पर्यावरण, कुटुम्ब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, धर्मजागरण, गौसंवर्धन पर हमारी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

विभाग संघचालक शैलेन्द्र महाजन ने नारायण बाग संघ स्थान पर डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति के अंतर्गत निर्माणाधीन प्रांत कार्यालय की जानकारी दी। एकल गीत संजय शेंद्रे ने लिया। संघ प्रार्थना के पश्चात कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे।

Updated : 26 March 2023 4:44 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top