Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > ग्वालियर में 80 खंभा बावड़ी में अधिकारियों के साथ शहर के लोगों ने किया सामूहिक योग

ग्वालियर में 80 खंभा बावड़ी में अधिकारियों के साथ शहर के लोगों ने किया सामूहिक योग

जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न स्थानों पर किया योग, एक हजार से अधिक स्थानों पर हुआ कार्यक्रम

ग्वालियर में 80 खंभा बावड़ी में अधिकारियों के साथ शहर के लोगों ने किया सामूहिक योग
X

ग्वालियर, न.सं.। विश्व योग दिवस पर सामूहिक योग कार्यक्रम ऐतिहासिक दुर्ग स्थित 80 खंभा बावड़ी परिसर में बुधवार को आयोजित हुआ। मुगल शासन में यह मुगल कालीन जेल हुआ करती थी। सिखों के छटवें गुरु हरगोविंद सिंह को मुगलों ने यहीं कैद किया था। यहां सुबह 6 बजे से 8 बजे के बीच योगा विशेषज्ञों की निगरानी में शहर नागरिकों, छात्र-छात्राओं के अलावा जिलाधीश अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने एक साथ योगा किया। योगा विशेषज्ञों के बताए अनुसार एक लय और कतार में युवा योगा करते दिखाई दिए।

वहीं शहर के विभिन्न संस्थानों एवं जिले के अन्य कस्बों व गांवों में सामूहिक योग का आयोजन हुआ। जिसमें जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने शामिल होकर सामूहिक रूप से योग एवं प्राणायाम किए। इस अवसर पर एलईडी स्क्रीन एवं आकाशवाणी के माध्यम से सभी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा योग दिवस पर दिए गए उदबोधन को सुना। साथ ही जबलपुर में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में विश्व योग दिवस पर आयोजित हुए कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा और सुना। इसी तरह ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रेशममिल के समीप आयोजित हुए सामूहिक योग में शामिल होकर योगाभ्यास एवं प्राणायाम किया। इसी तरह संभाग आयुक्त दीपक सिंह ने एलएनआईपीई के योगा भवन में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के साथ योग किया। उल्लेखनीय है कि योग दिवस पर जिले के 1028 विद्यालयों व 339 स्थानों पर सामूहिक योग के आयोजन हुए।

सांसद ने वीआरजी में वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगणों के साथ किया योग

मुरार स्थित विजयाराजे कन्या महाविद्यालय में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, बीज एवं फॉर्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी सहित मधुसूदन भदौरिया व जवाहर प्रजापति के अलावा अन्य जनप्रतिनिधिगणों, विद्यार्थियों एवं अधिकारियों ने सामूहिक योग किया।

यह भी जोडऩा है

- नगर निगम की लालटिपारा गौशाला में योग का आयोजन किया गया। यहां पर मनु महाराज के द्वारा आमजनों को योग की शिक्षा दी गई।

- एम.आई. टी. एस की राष्ट्रिय सेवा योजना इकायी में हॉलिस्टिक हेल्थ क्लब के सहयोग से दीपेंद्र तिवारी जिलायोग प्रशिक्षक आरोग्य भारती ने अलग-अलग योग एवं प्राणायाम के बारे मे विस्तृत जानकारी दी गई।

Updated : 22 Jun 2023 12:30 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top