Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > ग्वालियर में सर्दी ने दी दस्तक, शनिवार की सुबह रही सबसे ठंडी

ग्वालियर में सर्दी ने दी दस्तक, शनिवार की सुबह रही सबसे ठंडी

ग्वालियर में सर्दी ने दी दस्तक, शनिवार की सुबह रही सबसे ठंडी
X

ग्वालियर। ग्वालियर-चम्बल में अमूमन 15 नवम्बर के बाद ही ठंड जोर पकड़ती है और दिसम्बर के पहले सप्ताह से न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट होने लगती है लेकिन पिछले साल की तरह इस बार भी यहां अक्टूबर में ही रात का तापमान काफी कम दर्ज होने लगा है। इसी क्रम में 13.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ शनिवार की सुबह सबसे ठंडी रही।

वर्तमान मौसम में यह अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। स्थानीय मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले चार से पांच दिन तक न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि होगी लेकिन दीपावली के बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड जोर पकड़ेगी।पिछले कुछ दिनों से हवा का रुख लगातार उत्तरी बना हुआ है। इस वजह से जहां रात के तापमान में गिरावट हो रही है वहीं दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज हो रहा है। इसके चलते सुबह, शाम और रात के समय वातावरण में सिहरन महसूस होने लगी है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस बार तय समय से पहले ठंड जोर पकड़ सकती है। इसकी वजह उत्तर भारत में लगातार पश्चिमी विक्षोभ का पहुंचना है। पिछले एक पखवाड़े में ही तीन पश्चिमी विक्षोभ आ चुके हैं। वर्तमान में भी एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और उसके आसपास सक्रिय है। हालांकि इसकी तीव्रता अधिक नहीं है लेकिन इसके प्रभाव से हवा की दिशा बदल गई है। आगामी चार नवम्बर को इस पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढऩे के बाद उत्तर से सर्द हवाएं तेजी से मैदानी इलाकों की ओर बढ़ेंगी। इससे तापमान में गिरावट के साथ वातावरण में ठंड बढ़ेगी।

Updated : 30 Oct 2021 4:53 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top