पत्नी की गला दबाकर हत्या, पति फरार

ग्वालियर, न.सं.। हजीरा थाना क्षेत्र में जब पति पत्नी में विवाद ज्यादा बढ़ गया तो आपा खो बैठे पति ने पत्नी का गला दबा दिया। गला दबाने से बेहोश हुई पत्नी को परिजन तत्काल चिकित्सालय ले गए जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। गला दबाकर महिला की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतका का अपने पति से दूसरी महिला से संबंध को लेकर विवाद होता रहता था। रात को भी इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। पत्नी की हत्या का पता चलते ही आरोपी घर से फरार हो गया।
चार शहर का नाका चौड़े के हनुमान नगर में रहने वाली पूनम भदौरिया 24 वर्ष का मई 2018 में जितेन्द्र उर्फ जीतू भदौरिया के साथ विवाह हुआ था। विवाह के बाद से ही दोनों पति पत्नी में गृहक्लेश होता रहता था। रात को जितेन्द्र अपने काम पर था उसे पूनम ने बात करने के लिए फोन लगाया। दोनों में फोन पर ही बहस होने लगी। जब बात ज्यादा बढ़ गई तो जितेन्द्र काम छोडक़र घर लौट आया। रात साढ़े आठ बजे के करीब जितेन्द्र और पूनम में एक बार फिर विवाद होने लगा। बताया गया है कि पूनम जितेन्द्र पर उसके किसी दूसरी महिला से संबंध का संदेह करती थी और इसी बात को लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे। रात को जब विवाद ज्यादा बढ़ गया तो जितेन्द्र ने पूनम की हत्या करने के इरादे से उसका साफी से गला घोंट दिया। पूनम गला घोंटते ही बेहोश हो गई। जैसे ही परिजनों को पूनम के बेहोश होने का पता चला वह उसे लेकर चिकित्सालय पहुंचे। पूनम का गला ज्यादा दबने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका और उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पूनम की गला दबाकर हत्या करने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को विच्छेदन गृह भेजा। पुलिस ने पूनम की बहन रुचि पुत्री विनोद सिंह तोमर निवासी रमटापुरा नम्बर दो की शिकायत पर जितेन्द्र भदौरिया के खिलाफ धारा 307, 302 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली।
थाने में शिकायत के बाद हुई थी सुलह
हजीरा थाना प्रभारी रणजीत सिंघार ने बताया कि जितेन्द्र मालनपुर में गैस गोदाम की गाड़ी चलाता है। रात को भी वह डयूटी पर था। पत्नी ने फोन लगाया था। जितेन्द्र और पूनम के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। महिला थाने में भी परिवारिक विवाद पहुंच चुका था लेकिन वहां से समझौता होने के बाद दोनों फिर एक साथ रहने लगे थे। कई बार दोनों पति पत्नी अलग हुए और फिर बात बन जाती थी। जितेन्द्र पर संदेह के चलते झगड़ा होता था।
जितेन्द्र हत्या करने के बाद मालनपुर भाग गया था जिसे दबिश देकर दबोच लिया। पूनम की हत्या संदेह के चलते करना बताया गया है। जांच में जो भी तथ्य आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नागेन्द्र सिंह सिकरवा
नगर पुलिस अधीक्षक महाराजपुरा
