जहां कमल का फूल होता है वहां गुंडों को जगह नही होती : केशव प्रसाद मौर्य

ग्वालियर । कांग्रेस के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, परिवारवाद का बोलबाला था। नित नए घोटाले सामने आते थे लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने जबसे सत्ता संभाली है एवं उन्होंने ऐसा सिस्टम तैयार किया कि भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों की कमर ही टूट गई। उनके प्रहार से अब भ्रष्टाचारी बिल बिला रहे हैं और मोदी को हटाने के लिए तरह-तरह के षडय़ंत्र रच रहे हैं। एक नया गठबंधन भी बना लिया है। लेकिन ये कुछ भी कर लें अपने मकसद में सफल नहीं होंगे और न आपकों इन्हें सफल होने देना है। उन्होंने कहा कि आपको अपने वोट की ताकत से इसे समूल नष्ट करना है। वैसे भी कांग्रेस अभी आईसीयू में है और अपने असितित्व के लिये अंतिम सांसे ले रही है। लेकिन आपने इसे भूल कर भी अगर वोट दे दिया तो ये फिर से खड़ी हो जायेगी। फिर वही सब परिवारवाद और भ्रष्टाचार का बोलबाला देखने को मिलेगा। वही जातिवाद, धार्मिक विभाजन जैसी परिस्थितियां निर्मित होंगी। यह बात उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा के हीरानगर में पार्टी प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस का सफाया होगा तभी देश व प्रदेश से परिवारवाद, भ्रष्टाचार खत्म होगा। कांग्रेस के समय में भ्रष्टाचार अपने चरम पर रहा था, यह बात के देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीवगांधी भी सार्वजनिक रूप से स्वीकार चुके हैं। जब केंद्र से 1 रुपया विकास के लिये भेजा जाता है तो उसमें से जरूरतमंदों तक केवल 15 पैसे ही पहुंच पाता है। ये सब इसलिये होता था क्योंकि भ्रष्ट कांग्रेसी उसे बीच में ही हड़प जाते थे। इस अवसर पर पार्टी प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
