Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > विकास की दौड़ में पिछड़ गया है वार्ड एक, चुनाव की घोषणा होते ही दावेदार ठोक रहे हैं ताल

विकास की दौड़ में पिछड़ गया है वार्ड एक, चुनाव की घोषणा होते ही दावेदार ठोक रहे हैं ताल

विकास की दौड़ में पिछड़ गया है वार्ड एक, चुनाव की घोषणा होते ही दावेदार ठोक रहे हैं ताल
X

ग्वालियर, न.सं.। विकास की दृष्टि से वार्ड-एक काफी पिछड़ सा गया है। इस वार्ड में काम तो हुए हैं मगर जरूरत के हिसाब से यह कार्य आज बहुत ही कम है। आज भी यहां के लोग कई परेशानियों का सामान कर रहे हैं। नगर निगम के चुनावों के लिए वार्ड-एक की सीट सामान्य महिला की सीट घोषित हुई है। इसके बाद से यहां के दावेदारों ने ताल ठोकना शुरू कर दिया है और अपना-अपना चुनावी गणित बैठा रहे हैं। इस वार्ड का चुनाव बहुत ही रोमांचकारी होने वाला है क्योंकि इस वार्ड के बड़े-बड़े दिग्गज इस चुनाव में अपनी-अपनी पत्नी को उतारने जा रहे हैं।

वार्ड एक शहर के बड़े वार्डों में शामिल हैं। जिसमें बरागांव, जाटवपुरा, किशन बाग, लक्ष्मीपुरम, गरगज कॉलोनी, जाटव कॉलोनी, पंचवटी कॉलोनी, रामाजी का पुरा, स्लामपुरा, सुभाषनगर और जनकताल आदि आते हैं। यहां मतदाताओं की संख्या लगभग 19 हजार है। यही मतदाता खड़े होने वाले प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। मगर वार्ड के अधिकतर क्षेत्रों की हालत ठीक नहीं है। बारिश के समय पहाड़ों से आने वाली मिट्टी भी कॉलोनीवासियों के लिए भारी समस्या है।

गंदगी का साम्राज्य अधिक है:-

इस वार्ड की कुछ कॉलोनियों को छोड़ दें तो कई स्थानों पर गंदगी का साम्राज्य फैला हुआ है। स्थिति यह है कि सडक़ें खत्म होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। सडक़ों में जगह-जगह पानी भरा हुआ है जिससे निकलना मुश्किल हो रहा है। बारिश के समय इस वार्ड की स्थिति तो और भी भयानक हो जाती है।

टेंकर से भरते हैं पानी:-

तिजुआपुरा जैसे कई क्षेत्रों में रहने वाले लोग पानी की समस्या से परेशान हैं। यह सभी छोटी-छोटी बस्तियों में रहने वाले लोग हैं। यह लोग टेंकर से पानी भरकर अपना काम चलाते हैं। यहां समुचित रूप से पानी और शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है।

Updated : 4 Jun 2022 8:18 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top