ग्वालियर : मजदूरों को पिछले 25 दिन से नहीं मिला है काम

ग्वालियर, न.सं.। कोरोना वायरस के कारण जहां देश-दुनिया परेशान है, वहीं शहर के मजदूरों का भी हाल बुरा है। इन्हें पिछले 25 दिन से काम नहीं मिल रहा है। यह लोग रोज बाड़े पर आते हैं और काम नहीं मिलने पर लौट जाते हैं।
महाराज बाड़ा शहर का एक ऐसा स्थान है, जहां लोग काम की तलाश में आते हैं और काम भी मिलता है। यह लोग यहां से पैसा कमाकर अपने घर की रोजी-रोटी चलाते हैं। कोरोना वायरस के कारण शहर में लॉक डाउन है। शहर में निर्माण कार्य भी बंद हो चुके हैं। ऐसे में यह मजदूर काम की तलाश में सुबह के समय आज भी महाराज बाड़ा पर आते हैं लेकिन काम न मिलने से वापस लौट जाते हैं। इनके पास जो पैसा भी था, वह भी खत्म हो चुका है। ऐसे में घर चलाना बहुत मुश्किल हो रहा है। कई लोग तो एक समय का भोजन खाकर ही अपना जीवन यापन कर रहे हैं।
जो मजदूरी मिल जाए उसमें तैयार हैं:-
प्रतिदिन एक मिस्त्री की मजदूरी 600 और बेलदार की 400 रुपए है। लेकिन यह लोग कम पैसे लेकर भी काम करने को तैयार हैं, इसके बावजूद भी इन्हें काम नहीं मिल रहा है। यह लोग संस्थाओं और प्रशासन द्वारा बांटे जाने वाले भोजन से अपना काम चला रहे हैं।
'काम नहीं मिलने से हालत बहुत खराब है। घर का खर्च भी नहीं चल रहा है। प्रशासन को चाहिए कि जब तक यह स्थिति चल रही है, वह हम लोगों के लिए खाद्य पदार्थ और कुछ राहत राशि की व्यवस्था करे।'
अजय कुशवाह
मजदूर, सिकन्दर कम्पू
'रोज सुबह आ जाते हैं और लौट जाते हैं। काम मिलता ही नहीं है। प्रशासन हमें कोई काम उपलब्ध कराए जिससे हमारा परिवार चल सके।'
कालीचरण सिंह
मजदूर, गुड़ागुडी का नाका
