ग्वालियर पूर्व की बढ़त ने दिलाई कांग्रेस को जीत, चारों विधानसभाओं में ली बढ़त

ग्वालियर, न.सं.। महापौर के अति महत्वपूर्ण चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने भाजपा प्रत्याशी सुमन शर्मा को चारों विधानसभाओं में पराजित कर यह जीत हासिल की। इसमें सबसे बड़ी बढ़त ग्वालियर पूर्व में 19 हजार मतों की रही। जो भाजपा की पराजय का मुख्य कारण बनी। इसके बाद ग्वालियर विधानसभा में सात हजार, दक्षिण विधानसभा में दो हजार व ग्रामीण विधानसभा में एक हजार मतों से कांग्रेस विजयी हुई।
उल्लेखनीय है कि चुनाव पूर्व समझा जा रहा था कि भाजपा का कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय है। इसलिए कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा किए जा रहे हो-हल्ले के सामने भाजपा यह सीट निकाल कर ले जाएगी। लेकिन मतगणना के प्रत्येक राउण्ड में जिस तरह कांग्रेस प्रत्याशी की बढ़त लगातार बढ़ती गई उसने भाजपा संगठन को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
पूर्व में 13 वार्डों में निर्णायक बढ़त
ग्वालियर पूर्व की बात करें तो यहां शोभा सतीश सिकरवार की असल दमदारी दिखाई दी। उन्होंने 19 में से 13 वार्डों में लगभग 19 हजार की बढ़त हासिल की। इनमें वार्ड क्रमांक 18, 19, 20, 21, 22, 23, 27, 28, 45, 56, 57, 59 और 60 में मिली बढ़त ने उनकी जीत का मार्ग प्रशस्त किया। जबकि भाजपा को मात्र छह वार्डों में बढ़त मिली यह वार्ड 24, 25, 26, 29, 30 और 58 रहे।
दक्षिण और ग्रामीण ने बचाई लाज
ग्वालियर दक्षिण में भाजपा ने 12 वार्डों में बढ़त लेकर लाज बचा ली। भाजपा प्रत्याशी वार्ड क्रमांक 34, 38, 39, 40, 41, 42, 43, 44, 48, 49, 50, 51 में आगे रही। जबकि कांग्रेस को वार्ड क्रमांक 35, 37, 46, 47, 52, 53, 54, 55 के आठ वार्डों के सहारे लगभग दो हजार मतों की ही बढ़त मिल पाई। इस तरह ग्रामीण के छह वार्डों में भाजपा कांग्रेस ने कांटे का संघर्ष रहा। कांग्रेस को वार्ड क्रमांक 61, 62, 64 में बढ़त मिली। जबकि भाजपा ने वार्ड 63, 65 और 66 में बढ़त ली। ग्रामीण वार्डों में कांग्रेस मात्र एक हजार मतों से जीत पाई।
ग्वालियर में भी कांग्रेस आगे
ग्वालियर विधानसभा के 21 वार्डों में से 12 वार्डों में कांग्रेस को कुल सात हजार मतों की बढ़त मिली जबकि भाजपा नौ वार्डों में आगे रही। कांग्रेस को बढ़त दिलाने वाले वार्ड क्रमांक 1, 5, 7, 8, 9, 10, 14, 15, 16, 17, 33 व 36 रहे। जबकि भाजपा की लाज वार्ड क्रमांक 2, 3, 4, 6, 11, 12, 13, 31, 32 ने बचाई।
