Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > ग्वालियर से भी निकला था विकास दुबे, कोलारस टोल पर सीसीटीवी में कैद

ग्वालियर से भी निकला था विकास दुबे, कोलारस टोल पर सीसीटीवी में कैद

शहर के बदमाशों पर अपराध शाखा की थी नजर

ग्वालियर से भी निकला था विकास दुबे, कोलारस टोल पर सीसीटीवी में कैद
X

ग्वालियर, न.सं.। कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने के बाद पुलिस से जान बचाते फिर रहे कुख्यात बदमाश विकास दुबे को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि विकास का मूवमेंट ग्वालियर में था और वह शहर से होकर ही उज्जैन पहुंचा है। कोलारस में उस गाड़ी के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हंै जो मंदिर के बार खड़ी मिली है। विकास के पकड़े जाने के बाद स्थानीय पुलिस ने भी राहत की सांस ली है।

कानपुर चौबेपुर के ग्राम बिकरू के कुख्यात बदमाश विकास दुबे के बारे में जो सूचनाएं आ रहीं थी कि वह ग्वालियर में दो दिन रुका है, उनके सही साबित होने के प्रमाण मिल रहे हैं। विकास दुबे ग्वालियर से होकर ही उज्जैन पहुंचा था। शिवपुरी कोलारस के पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर वह कार सीसीटीवी में कैद हुइ है जो महाकालेश्वर मंदिर के बाहर खड़ी मिली है। विकास दुबे इसी कार से उज्जैन गया था। कार रात 11: 22 बजे पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर करीब एक मिनट कार रुकी। जिस समय कार टोल प्लाजा से निकली है उसमें विकास दुबे था या नहीं यह जांच का विषय है। सूत्रों का कहना है कि यदि विकास शहर में था तो उज्जैन जाने के लिए वह शहर से ही होकर गुजरा है।

शहर में वह किस रास्ते से निकला है यह जांच का विषय है। बताया गया है कि विकास का कोई रिश्तेदार ग्वालियर में रहता है। उस व्यक्ति के नाम-पते की तलाश में स्थानीय पुलिस भी जुटी है। विकास के बारे में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह शहर में किन-किन लोगों के सम्पर्क में रहा। विकास स्वयं इसका खुलासा करेगा कि उसे फरारी के दौरान किन-किन लोगों ने पनाह दी है। उसके मुंह खोलने के बाद कई चेहरे भी उजागर होंगे। शहर की पुलिस को भनक तक नहीं लगी और वह यहां फरारी काटने के बाद सुरक्षित उज्जैन पहुंच गया। बता दें कि अपराध शाखा शहर के उन बदमाशों पर नजर बनाए हुए थी जिनके सम्पर्क उत्तरप्रदेश के बदमाशों से रहे हैं। भिंड के एक बदमाश ने तो उसके साथ सजा भी काटी है। अंचल में विकास के रूकने के बारे में एसटीएफ के पक्का सबूत थे।

इनका कहना है

विकास संभवत: कोटा-झालाबाड़ होते हुए बस से उज्जैन पहुंचा है। शहर में दो दिन रुकने की खबर फर्जी थी। टोल प्लाजा पर जो कार सीसीटीवी में कैद हुई है वह किसी वकील की है।

-राजाबाबू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक

Updated : 10 July 2020 1:48 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top