Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय झूठ मंडली: विष्णुदत्त शर्मा

कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय झूठ मंडली: विष्णुदत्त शर्मा

कमलनाथ बताएं, ग्वालियर-चंबल के सम्मान तथा विकास की पीठ में छुरा क्यों घोंपा

कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय झूठ मंडली: विष्णुदत्त शर्मा
X

ग्वालियर, न.सं.। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को घेरा। उन्होंने दोनों नेताओं पर प्रदेश की जनता के साथ छलावा करने का आरोप लगाया। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की जनता से झूठ बोला है, क्षेत्र के साथ अन्याय किया है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के दम पर ही बनी थी और जनता सिंधिया को मुख्यमंत्री देखना चाहती थी। लेकिन दिग्विजय-कमलनाथ ने इस क्षेत्र के साथ छल किया और कमलनाथ मुख्यमंत्री बन गए। अब इस क्षेत्र की जनता पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से यह जानना चाहती है कि उन्होंने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के विकास के लिए क्या काम किया? क्यों इस क्षेत्र के विकास और सम्मान की पीठ में छुरा भौंका? उन्होंने यह ग्वालियर प्रवास के दौरान बुधवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।

श्री शर्मा ने कहा कि जो कमलनाथ मुख्यमंत्री रहते हुए कभी ग्वालियर नहीं आए, वो अब किस मुंह से ग्वालियर आ रहे हैं? प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के एक कैबिनेट मंत्री उमंग सिंघार ने ही यह आरोप लगाया था कि सरकार के निर्णय कैबिनेट की बैठक में नहीं होते, बल्कि दिग्विजय सिंह पर्दे के पीछे से सरकार चला रहे थे। सारे फैसले पर्दे के पीछे से हो रहे थे और माफिया कांग्रेस की सरकार को चला रहा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय झूठ मंडली है। उसके दिग्विजय सिंह जैसे नेता किसी भी बात पर सवाल कर सकते हैं। भारत ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की, जिसे सारी दुनिया ने माना था। लेकिन दिग्विजय सिंह उस पर भी सवाल खड़े करते हैं और सबूत मांगते हैं।

चुनाव में पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने उप-चुनाव की तैयारियों को लेकर होटल रमाया में बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में पूरी तैयारी के साथ जुट जाएं। जिसको जो दायित्व दिया गया है उसका बखूबी निर्वहन करें। बैठक में संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी, जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, पूर्व साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, जयप्रकाश राजौरिया, पारस जैन, राजेश दुबे, अशोक जादौन आदि उपस्थित रहे।

Updated : 13 April 2024 12:59 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top