इस बार आम की होगी बंपर पैदावार, मिलेगा 40 रुपए किलो

ग्वालियर, न.सं.। भारत देश में आम को फलों का राजा कहा जाता है। विदेशों में भी इसके शौकीन हैं। हर वर्ग इस रसीले आम को खाना पसंद करता है। आम के शौकीनों के लिए खुशखबरी यह है कि इस बार इसकी बंपर पैदावार होने की पूरी-पूरी संभावना है। मतलब यह कि आम 30 से 40 रुपए किलो में हर खास और आम को खाने के लिए मिलेगा। वर्तमान में बादामी आम की बाजारों में दस्तक हो गई है और यह 120 से 160 रुपए किलो मिल रहा है।
भारत देश में आम की लगभग 1500 किस्मे पैदा की जाती हैं। प्रत्येक किस्म का एक अलग स्वाद और आकार होता है। ग्वालियर शहर में सबसे अधिक बादाम, चौंसा, लंगड़ा, हाफूज और तोता परी खाया जाता है। अगर मौसम का मिजाज सही रहा तो अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में बादाम आम की बंपर आवक शुरू हो जाएगी। इसके बाद चौंसा, तोतापरी और लंगड़ा आम बाजारों में मिलने लगेगा। बादाम आम की अधिक आवक विजयवाडा से होती है तो दशहरी, चौंसा और लंगड़ा उत्तरप्रदेश से आता है। इसके साथ ही इस बार गर्मियों के सीजन में खरबूजा और तरबूज की भी अच्छी आवक होने की उम्मीद है। फलों में संतरा 60 से 70 रुपए, अंगूर 50 से 60, तरबूज 30 रुपए किलो के भाव से बिक रहा है।
इनका कहना है:-
'अगर इस बार मौसम ने साथ दिया तो आम की बंपर पैदावार होने की पूरी-पूरी संभावना है। इस बार आम 30 से 40 रुपए किलो में खूब बिकेगा।Ó
विश्वनाथ अरोरा
फलों के थोक कारोबारी
