दिग्गी के बयान से उलझता जा रहा है शिवपुरी सीट का मामला!

दिग्गी के बयान से उलझता जा रहा है शिवपुरी सीट का मामला!
X
क्या फिर होगा शिवपुरी में बदलाव?

ग्वालियर | दिग्विजय सिंह और कमलनाथ की कपड़ा फाड़ राजनीति अब कांग्रेस कैडर को भी असमंजस में डाल रही है। शिवपुरी विधानसभा में उम्मीदवार को लेकर शुरू हुई इस राजनीति ने आज इस कुहासे को और अधिक बढ़ा दिया। राजनीति के केंद्र में फंसाए जा रहे हैं 6 बार के विधायक केपी सिंह कक्काजू। दिग्विजय सिंह के आज भोपाल में जारी बयान के बाद शिवपुरी की सीट का मामला बुरी तरह उलझता जा रहा है।

शिवपुरी विधानसभा में क्या कांग्रेस उम्मीदवार बदल सकती है?यह चर्चा आज दिन भर राजनीतिक हलकों से लेकर सोशल मीडिया पर हावी रही। भोपाल में दोपहर को दिग्विजय सिंह की प्रेस वार्ता के बाद इस मामले ने अफवाह के बाजार को चरम पर ला दिया।कल केपी सिंह के पिछोर में दिए गए बयान से शिवपुरी विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ता भारी दुविधा में नजर आए।

केपी सिंह बोले बी फॉर्म तक कुछ भी संभव..!

6 बार के विधायक केपी सिंह कल अपनी पुरानी विधानसभा में थे वहां उन्होंने कहा कि पार्टी ने आदेश दिया कि आपको शिवपुरी से लडऩा है तो वह वहां चले गए। लेकिन जब तक बी फार्म नही मिल जाता तब तक मैं भी नही कह सकता हूँ कि वहां लडऩा भी पक्का है या नही। श्री सिंह के इस बयान के बाद शिवपुरी की राजनीति जबरदस्त ढंग से गरमा गई। लोग कयास लगाने लगे कि क्या केपी सिंह वापिस पिछोर जाएंगे?

वीरेंद्र ने जमाया भोपाल में डेरा

टिकट कटने के बाद वीरेंद्र रघुवंशी दिल्ली में कांग्रेस नेताओं को साधने ओर समझाने में लगे लेकिन अफलता नही मिली। शनिवार को वह शिवपुरी आकर प्रेस कांफ्रेंस करने वाले थे लेकिन अचानक उन्हें भोपाल से फोन आया और वह कांफ्रेंस करने की जगह भोपाल रवाना हो गए। शनिवार से वह कमलनाथ ओर दिग्विजय सिंह के साथ सम्पर्क में बने हुए हैं।

दिग्विजय ने किया केपी को फोन

आज वीरेंद्र रघुवंशी कैम्प से टिकट बदलने को लेकर मजबूती से दावे किए जाते रहे। सूत्रों ने बताया कि कल दिग्विजय सिंह ने वीरेंद्र के दबाब में केपी सिंह को फोन कर शिवपुरी से दावेदारी पर कथित रूप से विचार करने का आग्रह किया लेकिन केपी सिंह ने विनम्रता से इसे ठुकरा दिया है। बताया जाता है कि इस फोन के बाद ही केपी सिंह ने पिछोर में यह बयान दिया कि जब तक बी फार्म नही मिलता है तब तक कुछ भी पक्का नही है।

दिग्गी के बयान से वीरेंद्र समर्थक उत्साह में

आज दिग्विजय सिंह की पत्रकार वार्ता के बाद वीरेंद्र समर्थक रघुवंशी का टिकट पक्का मानकर चल रहे है।समर्थकों ने दिग्विजय की प्रेस वार्ता के वीडियो शहर भर के सोशल मीडिया ग्रुप्स में दनादन पोस्ट कर माहौल बनाने का प्रयास किया। दावा है कि दिग्विजय राहुल गांधी के जरिए शिवपुरी में बदलाव की पटकथा लिखने वाले है।

राधौगढ़ में जयवर्धन की चिंता

वीरेंद्र रघुवंशी का टिकट प्रकरण इतनी ऊंचाई पकड़ चुका है कि दिग्विजय सिंह को अपने पुत्र जयवर्धन सिह की विधानसभा में रघुवंशी वोटरों के खिसकने का डर है। साथ ही अशोकनगर,बमौरी,गुना में भी पार्टी को यही डर लग रहा है। हालांकि सिरोंज सीट से पार्टी गजनेन्द्र रघुवंशी को उम्मीदवार बनाकर वीरेंद्र की भरपाई भी कर चुकी है।

केपी सिंह का अभियान भी जारी

टिकट परिवर्तन की इन अटकलों के बीच केपी सिंह कक्काजू अपने चुनाव अभियान में व्यस्त है आज उन्होंने शिवपुरी विधानसभा के ग्रामीण मंडलम में दौरे किए। इससे पहले वे खोड मंडलम में बैठक ले चुके हैं। शिवपुरी नगर में भी उन्होंने बड़ी कार्यकर्ता बैठक कर अपने इरादे जाहिर कर दिए है कि वे शिवपुरी से ही लड़ेंगे।

सिंधिया की टक्कर में लाए थे

दिग्विजय सिंह ने आज खुलासा किया कि पार्टी ने केपी सिंह की उम्मीदवारी ज्योतिरादित्य सिंधिया की संभावित उम्मीदवारी को भांप कर घोषित की थी। दिग्विजय ने कहा कि जब पार्टी मजबूत उम्मीदवार तलाश रही थी तब केपी ने खुद आकर ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं यशोधरा राजे के विरुद्ध लडऩे की सहमति दी। दिग्विजय सिंह ने केपी की राजनीतिक हिम्मत की दाद तो खूब दी लेकिन साथ में वीरेंद्र से पुराने रिश्तों का हवाला देकर शिवपुरी में राजनीतिक कुहासा ओर घना कर दिया।

Tags

Next Story