धूमधाम से मना दीपावली का महापर्व, जमकर हुई आतिशबाजी

ग्वालियर, न.सं.। दीपावली का महापर्व रविवार को श्रद्धाभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर महालक्ष्मी जी की पूजा की गई और आतिशबाजी चलाई। महालक्ष्मी जी को प्रसन्न करने के लिए घरों पर आकर्षक विद्युत सजावट भी की गई। महालक्ष्मी को भोग लगाने के लिए घर-घर पकवान भी बनाए गए। इस दिन संपूर्ण शहर दुल्हन की तरह सजा हुआ दिखाई दिया। वहीं तिथियों में आए परिवर्तन के कारण मंगलवार को गोवर्धन और बुधवार को भाई-दौज की पूजा की जाएगी।
दीपावली महापर्व को लेकर रविवार को सुबह से ही शहर में जबरदस्त चहल-पहल दिखाई दी। बाजारों में चलना मुश्किल हो रहा था। लोगों की अधिकतर भीड़ पूजन सामाग्री, मिठाई और आतिशबाजी की दुकानों पर देखने को मिली। इस दिन विशेष शुभ मुहुर्त के अनुसार लोगों ने अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर महालक्ष्मी जी की पूजा अर्चना की और दीप प्रज्वलित किए। इसके बाद रात्रि के समय जमकर आतिशबाजी भी चलाई और एक दूसरे को ‘शुभ दीपावली’ बोलकर बधाई भी दी। सोशल मीडिया पर भी ‘हेप्पी दीपावली’ का दौर सुबह से शुरू हो गया था।
मंदिरों में शाम को उमड़ी भक्तों की भीड़:-
घर और संस्थानों में पूजा करने के उपरांत भक्तगण अपने-अपने इष्ट के मंदिर पहुंचे। इसके बाद मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर भगवान की पूजा अर्चना की। कई भक्तगण तो अपने घर से ही भगवान के लिए पकवान बनाकर ले गए थे, जिसका भोग भगवान को लगाया। इस दौरान मंदिरों पर भी जमकर आतिशबाजी हुई। अपने घर के पुरखों की प्रसन्नता के लिए कई लोगों ने पीपल पर जाकर दिए लगाए।
दीपावली को मिली महंगी सब्जी:-
दीपावली के दिन कोई मोलभाव नहीं होने के कारण लोगों को महंगी सब्जी खरीदनी पड़ी। नया वाला आलू जो 40 रुपए किलो था वह 50 रुपए किलो मिला। 160 वाली हरी मटर 200 रुपए तो टमाटर 50 रुपए किलो मिले। वहीं फूल मालाएं भी महंगे दामों पर मिली।
आज गोवर्धन और कल होगी दौज पूजा:-
ज्योतिषाचार्य डॉ. हुकुमचंद जैन ने बताया कि दीपावली के दूसरे दिन मंगलवार को गोवर्धन और बुधवार को दौज का त्योहार मनाया जाएगा, लेकिन इस बार दीपोत्सव के पर्व ने तिथियों का प्रारंभ और समापन दिन में दोपहर एक बजे बाद चलने से उदया तिथि में प्रतिपदा न होने से गोवर्धन और भाई दौज में बड़ी दीपावली के पूजन के बाद एक दिन का अंतर बना है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 13 नवंबर को दोपहर 02 बजकर 56 मिनट से लेकर 14 नवंबर को दोपहर 02 बजकर 36 मिनट तक रहेगी। ऐसे में 14 नवंबर मंगलवार को प्रतिपदा तिथि नो मुहूर्त से अधिक है इसलिए बलिपूजा, गोवर्धन पूजा, गौ क्रीड़ा मनाई जाएगी। गोवर्धन अन्नकूट पूजन मुहूर्त प्रात: 06 बजकर 35 मिनट से 08 बजकर 45 मिनट तक रहेगा। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि अपरान्ह व्यापिनी कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि में यम द्वितीया, भाई दौज, चित्र गुप्त पूजन किया जाता है। इस बार दोनो दिन ही द्वितीया तिथि अपरान्ह व्यापिनी है परंतु धर्म सिंधु शास्त्र के अनुसार ऐसी स्थिति बने तो दूसरे दिन ही भाई दौज और चित्र गुप्त पूजन किया जाता है। इसलिए 15 नवबंर को भाई दौज का त्योहार मनाया जाएगा। भाई दौज का शुभ मुहुर्त दोपहर 01 बजकर 7 मिनट से 3 बजकर 18 मिनट तक रहेगा।
