Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > जेठ की दुपहरिया से होड़ लगा रही रात, नमी - धूप की जुगलबंदी ने बढ़ाई बेचैनी

जेठ की दुपहरिया से होड़ लगा रही रात, नमी - धूप की जुगलबंदी ने बढ़ाई बेचैनी

जेठ की दुपहरिया से होड़ लगा रही रात, नमी - धूप की जुगलबंदी ने बढ़ाई बेचैनी
X

तेज धूप के बाद छाये बादल - फोटो महाराज बाड़ा 

दिन का 43.4 तो रात का तापमान 32 के पार

ग्वालियर/वेब डेस्क। भीषण गर्मी और पसीने से सराबोर करने वाली उमस के लिए मसहूर जेठ के महीने में इन दिनों पछुआ हवा, नमी और धूप की जुगलबंदी जहां 45 डिग्री सेल्सियस की गर्मी का एहसास करा रही है तो वहीं रात का तापमान भी दुपहरिया से होड़ लगा रहा है। यानी दिन और रात दोनों सामान्य जनजीवन को बेचैनी दे रहे हैं। सूरज की तपन और राजस्थान की ओर से आ रहीं पछुआ गर्म हवाओं के मिलन से अधिकतम तापमान 43 तो न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी ग्वालियर प्रदेश में सबसे गर्म रहा।

पिछले लगभग एक महीने से एक के पीछे एक लगातार आए पश्चिमी विक्षोभ और समुद्री चक्रवाती तूफानों के प्रभाव से बादलों की आमद और बूंदाबांदी के चलते गर्मी के तेवर नरम बने रहे। यहां तक कि भीषण गर्मी और लपट के लिए कुख्यात नौतपा में भी तापमान सामान्य से नीचे ही टिका रहा, लेकिन मौसम शुष्क होते ही छह जून के बाद दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी निरंतर ऊपर चढ़ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को दिन के तापमान में 1.3 तो रात के तापमान में 4.0 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी दो दिन तक मौसम शुष्क रहेगा और दिन का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, लेकिन दो दिन बाद आ रहे पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बनने जा रहे कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से तापमान में आंशिक कमी आने की संभावना है।

पछुआ हवाओं से दिन के साथ रात भी गर्म

राजस्थान की ओर से आ रहीं पछुआ गर्म हवाओं के प्रभाव से दिन के साथ अब रात भी गर्म हो गई है। मंगलवार को भी दिन भर लगभग छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिमी गर्म हवाएं चलती रहीं। ऐसे में ना दिन में चैन और ना रात में आराम वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस उछाल के साथ 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 4.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 48 प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से सात प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 24 प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से तीन प्रतिशत कम है।

Updated : 9 Jun 2021 1:29 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top