Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > तानसेन समारोह : संगीत के सुरों से सजी महफिल, पं. विक्कू विनायकम कालिदास सम्मान से अलंकृत

तानसेन समारोह : संगीत के सुरों से सजी महफिल, पं. विक्कू विनायकम कालिदास सम्मान से अलंकृत

पं. कार्तिक कुमार एवं पं. विक्कू विनायकम राष्ट्रीय कालिदास सम्मान से अलंकृत

तानसेन समारोह : संगीत के सुरों से सजी महफिल, पं. विक्कू विनायकम कालिदास सम्मान से अलंकृत
X

ग्वालियर। शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में दुनियाभर में प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय तानसेन समारोह का रविवार शाम को भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ। हजीरा स्थित संगीत सम्राट तानसेन की समाधि पर ओंकारेश्वर स्थित सिद्धपीठ मंदिर की आभा से दमकते मंच पर आयोजित समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं प्रदेश की पर्यटन व संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर के साथ देश के जाने माने सितार वादक पं. कार्तिक कुमार एवं दुनिया भर में मशहूर घटम वादक पं. विक्कू विनायकम को क्रमश: वर्ष 2013 एवं वर्ष 2014 के शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में दिए जाने वाले राष्ट्रीय कालिदास सम्मान से अलंकृत किया। सम्मान स्वरूप उन्हें दो- दो लाख रुपये की राशि, शॉल श्रीफल प्रदान किए गए।


इस अवसर पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री भारत सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर विधायक सतीश सिकरवार सहित जनप्रतिनिधि कलाकार एवं रसिकजन उपस्थित थे।शुरू में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री द्वय नरेंद्र सिंह तोमर एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर ने तानसेन की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए चादरपोशी की। अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भारत माता एवं कन्या पूजन किया और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।


प्रमुख सचिव संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने सम्मानित कलाकारों का प्रशस्ति वाचन किया। अतिथियों का स्वागत संचालक संस्कृति अदिति कुमार त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर अतिथियों ने दिनेश पाठक द्वारा भारत रत्न प्रख्यात सितार वादक पंडित रवि शंकर पर लिखे गए मोनोग्राफ का विमोचन भी किया । अंत में संचालक संस्कृत अदिति कुमार त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अशोक आनंद ने किया।

Updated : 28 Dec 2021 7:54 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top